logo

केतन अग्रवाल हत्याकांड: शादी नहीं करनी थी तो मना कर देती, इतनी क्रूर कि मेरे 26 साल के बेटे को मार डाला; छलका पिता का दर्द

PITA.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में मृतक के पिता का दर्द छलक पड़ा है। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद कहा कि यदि सिया गोयल शादी नहीं करना चाहती थी तो वह साफ मना कर सकती थी, परिवार तुरंत रिश्ता तोड़ देता। उन्होंने कहा कि उनके 26 वर्षीय बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी गई और यह सोच बेहद क्रूर है। पिता ने सवाल उठाया कि आखिर ऐसी मानसिकता आती कहां से है, जिसने किसी की जान लेने जैसा खतरनाक कदम उठाने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने मामले के त्वरित खुलासे के लिए पुणे ग्रामीण पुलिस और एसपी संदीप सिंह गिल की सराहना भी की।


लोहगढ़ किले पर हादसे की कहानी से शुरू हुआ शक
जानकारी के अनुसार, केतन अग्रवाल और सिया गोयल की फरवरी में सगाई हुई थी। 18 जून को दोनों महाराष्ट्र के प्रसिद्ध लोहगढ़ किले पर घूमने गए थे। बाद में सिया ने परिजनों को फोन कर बताया कि केतन किले से फिसलकर गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई। शुरुआत में इसे हादसा बताया गया, लेकिन केतन के परिजनों को इस कहानी पर संदेह हुआ। पुलिस जांच में भी कई ऐसे तथ्य सामने आए, जिनसे मामला संदिग्ध लगने लगा।

प्रेम संबंध और साजिश का पुलिस ने किया खुलासा

पुणे ग्रामीण एसपी संदीप सिंह गिल के मुताबिक, रिश्तेदारों, दोस्तों, गवाहों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई। इस दौरान चेतन चौधरी का नाम सामने आया, जो सिया गोयल का करीबी दोस्त था। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि सिया और चेतन पिछले करीब एक साल से एक-दूसरे को जानते थे और शादी करना चाहते थे। इसी बीच सिया की सगाई केतन अग्रवाल से हो गई, जिसके बाद दोनों ने कथित तौर पर केतन को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

हत्या के बाद इंस्टाग्राम पर लिखा भावुक पोस्ट

जांच में सामने आया कि लोहगढ़ किले पर सिया और चेतन ने मिलकर केतन पर हमला किया और फिर उसे खाई में धक्का दे दिया। हत्या को दुर्घटना का रूप देने की कोशिश भी की गई। हैरानी की बात यह है कि घटना के बाद सिया गोयल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि केतन उसे जन्मदिन और शादी से पहले छोड़कर चला गया, जबकि पुलिस जांच में उसी पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगा है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दिया है।


 

Tags - Crime Murder Pune Maharashtra Investigation