द फॉलोअप डेस्क
चतरा जिले के हंटरगंज स्थित प्रसिद्ध तीर्थ स्थल मां कौलेश्वरी पर्वत पर मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। सावन में पूजा-अर्चना के लिए परिवार के साथ पहुंचे पलामू जिले के तरहसी थाना क्षेत्र अंतर्गत सिलडिलिया गांव निवासी रामू सिंह के 22 वर्षीय पुत्र सम्राट सिंह की सरोवर में डूबने से मौत हो गई। हादसा महाकालेश्वर और सूर्य मंदिर के समीप स्थित सरोवर में हुआ। बताया गया कि स्नान करने के दौरान अचानक पैर फिसलने से सम्राट गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उनकी चीख-पुकार सुनकर श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे।

स्थानीय लोगों ने युवक को पानी से निकाला
स्थानीय लोगों ने झगर और बांस के सहारे काफी मशक्कत के बाद सम्राट सिंह को गहरे पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही वशिष्ठ नगर जोरी थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया। हादसे के बाद कौलेश्वरी पर्वत पर मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच शोक का माहौल है।