logo

भ्रूण जांच में लड़की होने की पुष्टि पर गर्भपात, ब्लीडिंग से महिला की मौत; डायग्नोस्टिक सेंटर सील

भ्रूण जांच में लड़की होने की पुष्टि पर गर्भपात, ब्लीडिंग से महिला की मौत; डायग्नोस्टिक सेंटर सील

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
धनबाद के कतरास में कथित अवैध गर्भपात के दौरान 26 वर्षीय महिला की मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान किरण देवी के रूप में हुई है। घटना श्यामडीह चौक स्थित बाबा क्लिनिक के पास संचालित सेंट्रल डायग्नोस्टिक सेंटर की है। बताया जाता है कि यहां गर्भपात की प्रक्रिया के दौरान किरण को अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। हालत गंभीर होने पर उसे आनन-फानन में नजदीकी नर्सिंग होम पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। आरोप है कि सेंटर में बिना वैध योग्यता और जरूरी अनुमति के गर्भपात कराया जा रहा था। घटना के बाद परिजनों ने जमकर आक्रोश जताया और इसे मां तथा अजन्मे बच्चे की दोहरी हत्या बताते हुए दोषियों को फांसी देने की मांग की। किरण अपने पीछे दो साल की मासूम बेटी छोड़ गई है। मामले में बोकारो के पेटरवार निवासी मृतका के पिता राजेंद्र केवट की शिकायत पर कतरास थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायत के मुताबिक, किरण के पति सोनू केवट उसे इलाज कराने के बहाने सेंटर लेकर आए थे। वहां संचालक सचिन कुमार केवट उर्फ पवन केवट ने कथित तौर पर बिना अनुमति गर्भपात की प्रक्रिया शुरू की, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पति सोनू और सेंटर संचालक पवन को हिरासत में लिया है।

 

पीसीपीएनडीटी एक्ट के उल्लंघन पर तोपचांची जांच घर सील

इधर, स्वास्थ्य केंद्रों और जांच प्रतिष्ठानों के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। गुरुवार को तोपचांची बाजार स्थित तोपचांची जांच घर को पीसीपीएनडीटी एक्ट के प्रावधानों का पालन नहीं करने पर जिला दंडाधिकारी की टीम ने सील कर दिया। अधिकारियों के अनुसार, इस प्रतिष्ठान को मार्च 2026 में ही नोटिस जारी किया गया था। इसके बाद 16 अक्टूबर को संचालक रतीलाल साव की रिपोर्ट की समीक्षा की गई। रिपोर्ट और जांच में सामने आई गड़बड़ियों के आधार पर उपायुक्त ने प्रतिष्ठान को सील करने का आदेश दिया। निरीक्षण के दौरान कमरे में अनुचित तरीके से पार्टीशन किए जाने, साफ-सफाई की कमी और शौचालय की खराब स्थिति जैसी अनियमितताएं पाई गईं। इस मामले में संबंधित चिकित्सक को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। कार्रवाई के दौरान डॉ. विकास राणा, पूजा रत्नाकर, डॉ. तबरेज समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे। वहीं, महिला की मौत की सूचना मिलने पर एसडीएम जी लोकेश बारंगे, सिविल सर्जन डॉ. संजीव कुमार प्रसाद, डॉ. अयोध्या प्रसाद, डॉ. विकास कुमार और थाना प्रभारी प्रवीण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने सेंटर का निरीक्षण कर उसे सील किया और जांच के लिए कई संदिग्ध नमूने जब्त किए।

लिंग परीक्षण के पहलू की भी जांच, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि संबंधित डायग्नोस्टिक सेंटर को पूरी तरह सील कर दिया गया है। प्रतिष्ठान की वैधता, पंजीकरण और वहां संचालित की जा रही गतिविधियों की जांच की जा रही है। लिंग परीक्षण से जुड़े संभावित पहलुओं की पड़ताल के लिए रिलीफ डायग्नोस्टिक धनबाद से भी जांच कराई गई है। इसकी रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर, मृतका के शव का पंचनामा तैयार करने के बाद वीडियोग्राफी के बीच पोस्टमार्टम के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच), धनबाद भेज दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। अब जांच रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सेंटर से जब्त नमूनों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Tags - Dhanbad News Illegal Abortion Jharkhand Health News Medical Negligence PCPNDT Act