logo

कारगिल के वीरों की गाथा से गूंजा जी.डी. गोयनका स्कूल, विद्यार्थियों ने शहीदों को याद कर लिया राष्ट्रभक्ति का संकल्प

GD.jpg

रांची 

राजधानी रांची स्थित जी. डी. गोयनका स्कूल में कारगिल विजय दिवस की स्मृति में "शहीदों का नमन" विषय पर एक गरिमामय एवं भावपूर्ण श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कारगिल युद्ध के वीर शहीदों के अदम्य साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति को नमन करते हुए विद्यार्थियों में देशप्रेम एवं राष्ट्रीय चेतना का संचार करना था। इस कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि के तौर पर ब्रिगेडियर प्रदीप सेन गुप्ता और मुख्य अतिथि के रूप में लेफ्टिनेंट कर्नल अमोश साथ ही कैप्टन स्वस्तिश पाण्डेय शामिल हुए। विद्यालय के चेयरमैन मदन सिंह, वाइस चेयरमैन अमन सिंह, विद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार, हेड मिस्ट्रेस रुमा सेन गुप्ता ने उन्हें पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न देकर स्वागत किया। अमर शहीदों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।

सैनिकों के त्याग और समर्पण को कभी भुलाया नहीं जा सकता

वहीं दो मिनट का मौन रखकर कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत समूहगान, नृत्य नाटिका, प्रेरणादायक प्रस्तुतियों के माध्यम से शहीदों के अद्वितीय बलिदान को सजीव रूप में प्रस्तुत किया। प्रत्येक प्रस्तुति ने उपस्थित दर्शकों को भावविभोर कर दिया तथा पूरे सभागार में राष्ट्रभक्ति का वातावरण बन गया। वहीं अपने प्रेरणादायी संबोधन में मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर प्रदीप सेन गुप्ता ने विद्यार्थियों से राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले सैनिकों के त्याग और समर्पण को कभी भुलाया नहीं जा सकता तथा नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

कारगिल के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि

इन सबके बीच जो एक शिक्षक की भूमिका होती है वो बहुत महत्वपूर्ण है, आज मैं जो कुछ भी हूं अपने शिक्षकों की मेहनत उनके मार्गदर्शन की वजह से ही हूं। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के भीतर देशभक्ति, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रीय मूल्यों को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को कार्यक्रम की सफलता के लिए शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम का संचालन अत्यंत प्रभावशाली एवं भावपूर्ण ढंग से किया गया, जिसने प्रत्येक प्रस्तुति को एक सशक्त भावनात्मक सूत्र में पिरोए रखा। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। यह आयोजन केवल कारगिल के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि ही नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और समर्पण की भावना को सशक्त बनाने का एक प्रेरक प्रयास रहा।

Tags - G D Goenka School Kargil Vijay Diwas Indian Army Patriotism Program