logo

सोन नदी जल बंटवारा झारखंड हित में नहीं, बांध से किसानों को नुकसान- राजा राम सिंह

सोन नदी जल बंटवारा झारखंड हित में नहीं, बांध से किसानों को नुकसान- राजा राम सिंह

गढ़वा:

भाकपा (माले) किसान महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और काराकाट सांसद राजा राम सिंह ने कहा कि सोन नदी जल बंटवारा झारखंड से ज्यादा बिहार को फायदा पहुंचाएगा। उन्होंने सोन नदी पर प्रस्तावित बांध के निर्माण पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि बांध बनने से गढ़वा जिले के कांडी, खरौंधी और केतार प्रखंड के दर्जनों गांव प्रभावित हो सकते हैं। सांसद राजा राम सिंह ने कहा कि जहां भी किसान पीड़ित होंगे, भाकपा (माले) किसान महासभा उनके हक में आवाज उठाने पहुंचेगी। 

गढ़वा जिले के दर्जनों गांव प्रभावित होंगे
बिहार के काराकाट लोकसभा क्षेत्र से भाकपा (माले) के सांसद राजा राम सिंह के गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड पहुंचते ही स्थानीय भाकपा माले कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने सोन तटवर्ती इलाके में रहने वाले किसानों और आम लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं जानीं। सोन नदी के भ्रमण के दौरान केतार प्रखंड के लोहरगढ़ा गांव में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए सांसद राजा राम सिंह ने कहा कि कुछ दिन पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में बिहार और झारखंड के बीच सोन नदी के पानी के बंटवारे को लेकर बैठक हुई थी, जिसमें दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल हुए थे।

उन्होंने कहा कि सोन नदी के पानी के बंटवारे के बाद केंद्र सरकार गढ़वा जिले से होकर गुजरने वाली सोन नदी पर बांध बनाने की तैयारी कर रही है। इस बांध के निर्माण से गढ़वा जिले के कांडी, खरौंधी और केतार प्रखंड के दर्जनों गांव प्रभावित हो सकते हैं। 

बांध का अधिकांश फायदा बिहार को मिलेगा
राजा राम सिंह ने दावा किया कि बांध बनने के बाद इसका अधिकांश फायदा बिहार को मिलेगा, जबकि गढ़वा के किसानों और ग्रामीणों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। सांसद ने कहा कि केतार प्रखंड के कधवन गांव के पास सोन नदी पर बांध बनने की स्थिति में कई किसान परिवार प्रभावित होंगे। उन्होंने सरकार से मांग की कि बांध निर्माण से पहले प्रभावित लोगों से बातचीत की जाए और पुनर्वास नीति के तहत उन्हें उचित मुआवजा और पुनर्वास की व्यवस्था दी जाए। 

सोन नदी के पार नौहट्टा इलाके का भ्रमण किया
सांसद ने कहा कि इन्हीं मुद्दों को लेकर वे गढ़वा के दौरे पर पहुंचे हैं। इससे पहले उन्होंने सोन नदी के उस पार बिहार के नौहट्टा इलाके का भी भ्रमण किया था। सांसद ने कहा कि देश में जहां भी किसान किसी समस्या से पीड़ित होंगे, वहां भाकपा माले किसानों की आवाज बनकर उनके हक और अधिकार की लड़ाई लड़ेगी।
 

Tags - Raja Ram SinghGarhwaSon River Water DisputeJharkhand News