सरायकेला
आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शनिवार को कपाली ओपी पुलिस पूरी तरह अलर्ट नजर आई। पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कपाली ओपी पुलिस ने जुलूस मार्ग का निरीक्षण किया। .jpg)
सुरक्षा व्यवस्था और संवेदनशील स्थलों का जायजा
कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने प्रस्तावित जुलूस रूट का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान जुलूस मार्ग में पड़ने वाले संवेदनशील स्थलों, संकरी गलियों, बिजली के तारों तथा सड़क की स्थिति का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं शांति समिति के सदस्य भी मौजूद रहे। 
प्रशासनिक तैयारियां और आवश्यक दिशा-निर्देश
ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि मुहर्रम जुलूस के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। जुलूस मार्ग में जहां भी किसी प्रकार की समस्या चिह्नित की गई है, उसे समय रहते दूर करने का निर्देश संबंधित विभागों को दिया गया है। इसके अलावा पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग और ट्रैफिक प्रबंधन की रूपरेखा भी तैयार की जा रही है।
भड़काऊ पोस्ट और डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध
पुलिस प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से मुहर्रम का त्योहार आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाने की अपील की है। साथ ही अफवाहों से दूर रहने तथा सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक या भड़काऊ सामग्री पोस्ट नहीं करने को कहा गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जुलूस के दौरान डीजे, हथियारों का प्रदर्शन और भड़काऊ नारेबाजी पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। .jpeg)
जन-संवाद और विश्वास बहाली पर विशेष जोर
पुलिस ने कहा कि शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में आम लोगों का सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सूचना की जानकारी तत्काल कपाली ओपी को देने की अपील की गई है। असामाजिक तत्वों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से कपाली ओपी क्षेत्र विभिन्न घटनाओं को लेकर चर्चा में रहा है। ऐसे में पुलिस प्रशासन आम लोगों के साथ संवाद बढ़ाकर विश्वास बहाली की दिशा में प्रयासरत है। वर्तमान ओपी प्रभारी द्वारा पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा लोगों की सुरक्षा भावना को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।