logo

कपाली पुलिस पर आदिवासी युवती से मारपीट का गंभीर आरोप, सामाजिक संगठनों ने की जांच की मांग

मपदू2.jpg

बानेश्वर महतो/सरायकेला
सरायकेला-खरसावां जिले में पुलिस की कार्यशैली को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत कांदरबेड़ा पुनर्वास कॉलोनी निवासी स्वर्गीय भजोहरि माहली की पुत्री अल्पना माहली ने कपाली ओपी पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का कहना है कि उसे 15 जून 2026 को पूछताछ के लिए कपाली ओपी बुलाया गया था, जहां बंद कमरे में उसके साथ मारपीट की गई। हालांकि पुलिस की ओर से मामले की जांच कराए जाने की बात कही गई है।


लापता सहेली के मामले में पूछताछ के लिए बुलाया गया था
अल्पना माहली के अनुसार उसकी एक सहेली पिछले कुछ दिनों से लापता है। इसी मामले में पूछताछ के लिए उसे शाम करीब पांच बजे कपाली ओपी बुलाया गया था। युवती का आरोप है कि पूछताछ के दौरान उसे एक कमरे में ले जाया गया, जहां उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया और मारपीट की गई। उसने यह भी आरोप लगाया कि केवल महिला पुलिसकर्मी ही नहीं, बल्कि कुछ पुरुष पुलिसकर्मियों ने भी उसके साथ हाथापाई की।


तबीयत बिगड़ने का दावा, बढ़ा आक्रोश
पीड़िता ने बताया कि कथित मारपीट के बाद उसकी तबीयत काफी खराब हो गई है और वह शारीरिक एवं मानसिक रूप से आहत है। घटना की जानकारी सामने आने के बाद स्थानीय आदिवासी समाज और सामाजिक संगठनों में नाराजगी बढ़ गई है। कई लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उठाई जांच की मांग
विस्थापित नेता राकेश रंजन महतो ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसकी उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. सत्यनारायण मुर्मू ने भी घटना की निंदा करते हुए कहा कि आदिवासी बहुल राज्य में किसी आदिवासी युवती के साथ इस तरह के व्यवहार के आरोप बेहद गंभीर हैं। उन्होंने निष्पक्ष न्यायिक या उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए चेतावनी दी कि उचित कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।


जांच रिपोर्ट का इंतजार
फिलहाल यह मामला आरोपों और जांच के दायरे में है। खबर लिखे जाने तक थाना प्रभारी ने बताया कि एडीपीओ चांडिल द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। ऐसे में अब लोगों की नजर जिला पुलिस प्रशासन की कार्रवाई और जांच के निष्कर्ष पर टिकी हुई है।

Tags - Seraikela Kharsawan Kapali Police Chandil Tribal Woman Jharkhand News