द फॉलोअप डेस्क
बोकारो में रविवार देर रात चास मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में कांवड़ियों और थाना प्रभारी के बीच कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया, जिसमें चास मुफ्फसिल थाना प्रभारी प्रकाश मंडल घायल हो गए। उनके सिर में चोट लगने के बाद खून निकलने लगा। जानकारी के अनुसार, कांवड़िया दामोदर नदी से जल लेकर चीड़का धाम जा रहे थे। इसी दौरान डीजे लगे ट्रक के कारण सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी प्रकाश मंडल मौके पर पहुंचे और जाम हटाने के लिए डीजे वाहन के साथ चल रहे कांवड़ियों को समझाने लगे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। कहासुनी बढ़ने के बाद विवाद हाथापाई में बदल गया। इस दौरान थाना प्रभारी प्रकाश मंडल के सिर में गंभीर चोट लग गई और उनके सिर से खून निकलने लगा। घटना के तुरंत बाद उन्हें इलाज के लिए चास स्थित केएम मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
