logo

गढ़वा में गलत इंजेक्शन बना मौत का कारण! नवविवाहिता और बच्ची की मौत पर DC का एक्शन 

g_dc_m.JPG

गढ़वा 
गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड में गलत इंजेक्शन लगाए जाने से दो लोगों की मौत के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। इस घटना की जानकारी मिलते ही उपायुक्त (DC) पीएन मिश्रा खुद मौके पर पहुंचे और कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित दवा दुकान को तत्काल बंद कराने का आदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती, दुकान बंद रहेगी और पूरे मामले की जांच ड्रग इंस्पेक्टर द्वारा की जाएगी। जानकारी के अनुसार, पिछले दो दिनों में गलत इलाज और संदिग्ध इंजेक्शन के कारण एक नवविवाहिता पूनम और एक बच्ची ब्यूटी कुमारी की मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। परिजनों ने तथाकथित चिकित्सक और दवा दुकान संचालक पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।

लापरवाही बर्दाश्त नहीं

शिकायत मिलने पर उपायुक्त ने तत्काल संज्ञान लिया और सिविल सर्जन को तलब करते हुए स्वयं कांडी पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। मौके पर उन्होंने संबंधित दवा दुकान का निरीक्षण किया और संचालक से पूछताछ की। डीसी ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि कानूनी प्रक्रिया पूरी होने तक दुकान में किसी भी प्रकार की दवा बिक्री, चिकित्सा परामर्श या उपचार कार्य पूरी तरह बंद रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि आदेशों की अवहेलना करने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उपायुक्त ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया। उन्होंने कहा कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी को निर्देश दिया गया है कि प्राथमिकी के आधार पर संबंधित दवा दुकान संचालक और चिकित्सक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।

Tags - wrong injection case medical negligence PN Mishra DC suspicious treatment district administration action