logo

कंचन सिंह ने ओरमांझी में सखी मंडल की महिला किसानों के कृषि प्रयासों का निरीक्षण, आजीविका सशक्तिकरण का दिया आश्वासन

WhatsApp_Image_2025-03-06_at_8_57_40_PM.jpg

द फॉलोअप डेस्क

झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) की मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी कंचन सिंह ने आज रांची जिले के ओरमांझी प्रखंड का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने झिमडी परियोजना के तहत सखी मंडल की महिलाओं द्वारा संचालित कृषि गतिविधियों का निरीक्षण किया और उनकी प्रगति का जायजा लिया। कंचन सिंह ने महिला किसानों से संवाद किया, जो सूक्ष्म टपक सिंचाई तकनीक का उपयोग कर तीन फसलों का उत्पादन कर रही हैं। इस तकनीक ने क्षेत्र में कृषि उत्पादकता और किसानों की आय में महत्वपूर्ण वृद्धि की है।

खेतों का दौरा करते हुए उन्होंने महिला किसानों से प्लास्टिक मल्चिंग के उपयोग के बाद उचित निपटान सुनिश्चित करने की बात की, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सतत कृषि को बढ़ावा मिल सके। कंचन सिंह ने कहा, “झारखंड की महिलाएं अपनी लगन और नवाचार से खेती में क्रांतिकारी बदलाव ला रही हैं। उन्नत कृषि तकनीकों का प्रयोग पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए सतत विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।”

कंचन सिंह ने सखी मंडल की महिलाओं से सीधा संवाद करते हुए यह आश्वस्त किया कि सरकार उनके आजीविका सशक्तिकरण के लिए हर संभव सहायता प्रदान करेगी, चाहे वह कृषि क्षेत्र से संबंधित हो या गैर-कृषि उद्यमों से। उन्होंने महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाकर अपनी आय बढ़ा सकती हैं और आत्मनिर्भर बन सकती हैं। इसके अलावा, उन्होंने महिलाओं को अंडा उत्पादन के लिए मुर्गीपालन अपनाने का सुझाव दिया, जिससे परिवारों के पोषण स्तर में सुधार होगा और एक अतिरिक्त आय का स्रोत मिलेगा।

Tags - jslps livelihood news update jharkhand news jharkhand khabar