logo

गिरिडीह में बैडमिंटन खेलती नजर आईं कल्पना सोरेन, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का किया उद्घाटन

गिरिडीह में बैडमिंटन खेलती नजर आईं कल्पना सोरेन, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का किया उद्घाटन

गिरिडीह: 
Girdih News:
इंडोर स्टेडियम में गिरिडीह बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का गुरुवार को भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन समारोह में विशिष्ट अतिथि गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कल्पना सोरेन ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि कल्पना सोरेन ने खिलाड़ियों को अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी अपने प्रदर्शन के माध्यम से जिले और राज्य का नाम रोशन करें। साथ ही उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

अंडर-15 और अंडर-17 वर्ग में होंगे मुकाबले
29 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक चलने वाली इस चार दिवसीय प्रतियोगिता में अंडर-15 और अंडर-17 आयु वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ी सिंगल्स, डबल्स और मिक्स्ड डबल्स स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। मुकाबलों के निष्पक्ष और सुचारु संचालन के लिए 12 अंपायरों की टीम तैनात की गई है।

युवा खिलाड़ियों में दिखा उत्साह
उद्घाटन समारोह के बाद प्रतियोगिता के मुकाबले शुरू हो गए। इस दौरान युवा खिलाड़ियों में खासा उत्साह और प्रतिस्पर्धा की भावना देखने को मिली। आयोजक गिरिडीह बैडमिंटन एसोसिएशन के अनुसार, यह प्रतियोगिता राज्य के उभरते बैडमिंटन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगी। साथ ही, इससे जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलने और बैडमिंटन को नई गति मिलने की उम्मीद है। उद्घाटन समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में झामुमो नेत्री श्वेता शर्मा, डीडीसी स्मृता कुमारी, एसडीएम धीरेंद्र कुमार, झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह, महापौर प्रमिला मेहरा, उपमहापौर सुमित कुमार, जिला खेल पदाधिकारी अर्जुन बारला तथा सलूजा गोल्ड के बंटी सिंह सलूजा उपस्थित रहे। इसके अलावा गिरिडीह बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश यादव, उपाध्यक्ष डॉ. शैलेन्द्र चौधरी एवं सुनील मोदी, सचिव नागेंद्र कुमार, रोहित श्रीवास्तव, नितेश और विक्रम लाहेरी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Tags - Kalpana SorenGiridih NewsJharkhand SportsBadminton TournamentGandey MLA