logo

CM आवास के आमों की तस्वीर साझा कर बोलीं कल्पना सोरेन- झारखंड के आम देश-विदेश में बना रहे पहचान

AAM.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने झारखंड में फलदार बागवानी के बढ़ते विस्तार और किसानों की आर्थिक मजबूती को लेकर खुशी जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर रांची स्थित मुख्यमंत्री आवास के पेड़ों पर लगे आमों की तस्वीर साझा की, जिसमें वह अपने हाथों में पीले और पके हुए आम पकड़े नजर आ रही हैं। पोस्ट के माध्यम से उन्होंने कहा कि झारखंड के आम अब देश-विदेश में अपनी अलग पहचान बना रहे हैं।

 


बिरसा हरित ग्राम योजना से किसानों और मईयां को मिला सहारा
कल्पना सोरेन ने अपने संदेश में कहा कि राज्य के लगभग सभी जिलों में आम की बागवानी का विस्तार हुआ है और उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की जा रही है। उन्होंने बताया कि बिरसा हरित ग्राम योजना ने हजारों किसानों, खासकर ग्रामीण महिलाओं यानी मईयां को फलदार बागवानी से जोड़ने का काम किया है। इससे न केवल फलदार पेड़ों की संख्या बढ़ी है, बल्कि ग्रामीण परिवारों की आय और आर्थिक स्थिति भी मजबूत हुई है।


लाखों किसान बन रहे आत्मनिर्भर
उन्होंने कहा कि आज लाखों किसान बड़े पैमाने पर आम और अन्य फलदार पेड़ों की खेती कर सशक्त बन रहे हैं। बागवानी के जरिए किसानों को रोजगार और आय का नया स्रोत मिला है, जिससे गांवों की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है। कल्पना सोरेन ने विश्वास जताया कि झारखंड के फल और कृषि उत्पाद आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में और अधिक पहचान बनाएंगे।

 

Tags - Kalpana Soren Jharkhand Mango Farming Birsa Harit Gram Yojana Farmers