द फॉलोअप डेस्क
झारखंड विधानसभा की महिला एवं बाल विकास समिति इन दिनों महाराष्ट्र प्रवास पर है। इसे लेकर गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने सोशल मीडिया पर दौरे की तस्वीरें साझा की हैं। कल्पना सोरेन ने बताया कि समिति के सदस्यों ने महाराष्ट्र विधानसभा परिसर का भ्रमण कर वहां संचालित विभिन्न व्यवस्थाओं और कार्यप्रणालियों की जानकारी प्राप्त की। इस दौरे में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास की बहू और जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा दास साहू भी शामिल हैं। भ्रमण के बाद समिति के सदस्यों ने महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर से मुलाकात कर विभिन्न विषयों पर चर्चा की और विधानसभा की कार्यप्रणाली को करीब से समझने का प्रयास किया।
झारखण्ड विधानसभा की महिला एवं बाल विकास समिति के सदस्यों के साथ महाराष्ट्र विधानसभा परिसर का भ्रमण किया एवं वहाँ संचालित विभिन्न व्यवस्थाओं एवं कार्यप्रणालियों की जानकारी प्राप्त की। pic.twitter.com/7J2Geg9tGZ
— Kalpana Murmu Soren (@JMMKalpanaSoren) May 18, 2026

सिद्धिविनायक मंदिर में की पूजा-अर्चना
महाराष्ट्र दौरे के दौरान समिति के सदस्यों ने मुंबई स्थित प्रसिद्ध श्री सिद्धिविनायक गणपति मंदिर में दर्शन-पूजन भी किया। कल्पना सोरेन ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि उन्होंने भगवान गणपति से झारखंड और राज्यवासियों के सुख, समृद्धि, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल अध्ययन तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक अनुभवों को समझने का भी एक अवसर है।

महिला समूहों से संवाद पर रहेगा फोकस
कल्पना सोरेन ने बताया कि इस प्रवास के दौरान विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करने के साथ महिला संगठनों और स्वयं सहायता समूहों से संवाद स्थापित कर उनके कार्यों और अनुभवों को समझने का अवसर मिलेगा। माना जा रहा है कि इस अध्ययन दौरे से महिला सशक्तिकरण, बाल विकास और स्वयं सहायता समूहों से जुड़े बेहतर मॉडल को समझने में मदद मिलेगी, जिसका लाभ झारखंड में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में मिल सकता है।