द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के कदमा के शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-1 में गुरुवार देर रात पुराने विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोस्तों के साथ मारपीट की सूचना पर बीच-बचाव करने पहुंचे मो. कैफ नामक युवक पर आरोपियों ने चापड़ से जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने उसके सिर पर धारदार हथियार से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर लहूलुहान होकर गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए। वहीं, परिजन घायल कैफ को तत्काल एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए टीएमएच रेफर कर दिया।

पुराने विवाद में हमले का आरोप
परिजनों के अनुसार, गुरुवार रात करीब 10 बजे दिलरैज नामक युवक अपने कुछ साथियों के साथ कैफ के दोस्त काशिफ के साथ मारपीट कर रहा था। काशिफ के साथ मारपीट की सूचना मिलने पर मो. कैफ मौके पर पहुंचा और दोस्त को बचाने के लिए बीच-बचाव करने लगा। इसी दौरान आरोपियों ने कैफ को निशाना बना लिया और उसके सिर पर चापड़ से कई वार कर दिए। अचानक हुए हमले में कैफ गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों का कहना है कि कैफ का आरोपियों से पहले से भी विवाद चल रहा था। वह हाल में विदेश जाने की तैयारी कर रहा था। इसी पुराने विवाद की रंजिश में उस पर हमला किए जाने का आरोप लगाया गया है।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद कदमा थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सभी सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस घटना के पीछे के वास्तविक कारणों और हमले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है, जिसके आधार पर दोषियों पर कार्रवाई की जा सके।