जामताड़ा
कबड्डी एसोसिएशन ऑफ झारखंड के तत्वावधान में जामताड़ा जिला कबड्डी संघ द्वारा आयोजित 'झारखंड राज्य जूनियर बालक एवं बालिका कबड्डी प्रतियोगिता 2026' के लिए जिला स्तरीय चयन ट्रायल जामताड़ा कॉलेज ग्राउंड में संपन्न हुआ। इस ट्रायल में जिले भर से 120 से अधिक बालक एवं बालिका कबड्डी खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। ट्रायल का आयोजन संघ की देखरेख में हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में जामताड़ा जिला कबड्डी संघ के चेयरमैन डॉ. डी. डी. भंडारी उपस्थित रहे।

पाँच प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा
चयन समिति ने खिलाड़ियों की खेल क्षमता, फिटनेस, तकनीक और प्रदर्शन को परखते हुए कुल 28 प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन किया। इसमें बालक वर्ग से 14 और बालिका वर्ग से 14 खिलाड़ी शामिल हैं। चयनित खिलाड़ी 12 से 14 सितंबर तक साहिबगंज में आयोजित होने वाली राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में जामताड़ा का प्रतिनिधित्व करेंगे। संघ के सचिव करण कुमार राऊत ने बताया कि चयनित खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पाँच प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। इसमें राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी हरि सोनकर, राज सोनकर, विनोद प्रसाद, झूलन सिंह और अविनाश रावत खिलाड़ियों को प्रशिक्षित करेंगे।
.jpeg)
खिलाड़ियों के बीच काफी उत्साह का माहौल
संघ की अध्यक्ष मीरा मिश्रा ने सभी चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खिलाड़ी प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर जामताड़ा जिले का नाम रोशन करें। इस आयोजन से खिलाड़ियों और अभिभावकों के बीच काफी उत्साह का माहौल है। इस दौरान सचिव करण कुमार राऊत, वरीय उपाध्यक्ष डॉ. चंचल भंडारी, कार्यकारी अध्यक्ष सलिल कुमार, कोषाध्यक्ष शुभम सोलंकी, उपाध्यक्ष अनीश रंजन, संयुक्त सचिव दीपक रजक, आबिद अंसारी, सरोज यादव, विवेक रजक और अभिषेक दुबे सहित कई पदाधिकारी व खेलप्रेमी मौजूद थे।