logo

शिक्षा सुधार से SIR तक कांग्रेस का बड़ा प्लान : के. राजू ने बताए पार्टी के फैसले और क्या है आगे की रणनीति

18congress.jpg

रांची 
रांची में झारखंड प्रदेश कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की विस्तारित बैठक के बाद प्रदेश प्रभारी के. राजू ने पार्टी के फैसलों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सरकार द्वारा लिए गए फैसले पर कांग्रेस ने राहुल गांधी, मुख्यमंत्री और कैबिनेट के सभी सदस्यों को बधाई देते हुए प्रस्ताव पारित किया है। के. राजू ने कहा कि सरकार ने छात्रों की जिन मांगों को स्वीकार किया है, उन्हें सही तरीके से लागू कराने के लिए कांग्रेस पार्टी व्यापक अध्ययन करेगी और समय-समय पर सरकार को सुझाव देगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब शिक्षा सुधार को भी प्रमुख मुद्दा बनाएगी। पार्टी यह अध्ययन करेगी कि राज्य की शिक्षा व्यवस्था में किस तरह के सुधार जरूरी हैं और इसके आधार पर सरकार को सुझाव दिए जाएंगे।

SIR और खनिज विधेयक को लेकर क्या है पार्टी का प्लान 

SIR के मुद्दे पर के. राजू ने बताया कि झारखंड में करीब 14 लाख अनमैप्ड वोटर्स की जानकारी को बूथवार व्यवस्थित कर BLA तक पहुंचाया जाएगा। BLA को SMS और लिंक के माध्यम से जानकारी दी जाएगी, ताकि वे संबंधित मतदाताओं से संपर्क कर उनकी मैपिंग कराने का प्रयास कर सकें। उन्होंने बताया कि विधायकों और जिला अध्यक्षों को भी नियमित रूप से उनके क्षेत्र की स्थिति की जानकारी दी जाएगी। इसके लिए कांग्रेस ने ‘बिरसा AI’ पोर्टल तैयार किया है और SMS अलर्ट की शुरुआत कर दी गई है। के. राजू ने कहा कि Mines, Minerals Development and Regulation Amendment Act के खिलाफ कांग्रेस झारखंड में आंदोलन चलाएगी। आंदोलन के स्वरूप को लेकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से सुझाव लिए गए हैं। उन्होंने विस्थापन के मुद्दे पर कहा कि कांग्रेस सरकार के सामने अपने सुझाव रखेगी और Land Acquisition Act, 2013 को सही तरीके से लागू कराने के लिए काम करेगी।

FCRA और परिसीमन पर भी कांग्रेस का रुख

FCRA Amendment Bill 2026 को लेकर के. राजू ने कहा कि यदि यह विधेयक पारित होता है तो अल्पसंख्यक संस्थानों पर इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। कांग्रेस इन संस्थानों से चर्चा कर उनके अधिकारों की रक्षा के लिए उनके साथ खड़ी रहेगी। वहीं परिसीमन के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि यदि केवल जनसंख्या के आधार पर परिसीमन हुआ तो झारखंड में आदिवासी सीटों का अनुपात कम हो सकता है। इससे आदिवासियों की राजनीतिक शक्ति प्रभावित होगी। उन्होंने कहा कि आदिवासी सीटों के संरक्षण को लेकर कांग्रेस आंदोलन चलाने पर भी काम करेगी। के. राजू ने कहा कि आने वाले दिनों में कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दों पर सरकार के सामने अपना पक्ष और सुझाव मजबूती से रखेगी।

हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/HH6GR1oBwB77Vy5eBcnoFo

Tags - K Raju Jharkhand Congress Education Reform JPSC JSSC SIR Voters