logo

के. राजू पर हो रही टिप्पणियों के बीच बोलीं मंत्री शिल्पी- जनसेवा और संघर्ष से बनी है उनकी पहचान

के. राजू पर हो रही टिप्पणियों के बीच बोलीं मंत्री शिल्पी- जनसेवा और संघर्ष से बनी है उनकी पहचान

द फॉलोअप डेस्क
कांग्रेस कोटे की मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू पर हो रही टिप्पणियों के बीच अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा कि कुछ लोग के. राजू पर अनर्गल और भ्रामक टिप्पणियां कर रहे हैं, जबकि उनका पूरा जीवन गरीबों, किसानों, दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों और वंचित समाज के अधिकारों की लड़ाई को समर्पित रहा है।


के. राजू के योगदान का किया उल्लेख
शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि मनरेगा, सूचना का अधिकार (आरटीआई), राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून, भूमि अधिग्रहण एवं पुनर्वास कानून जैसे ऐतिहासिक जनकल्याणकारी प्रयासों में के. राजू की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। महिलाओं के सशक्तिकरण, सामाजिक न्याय और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है। मंत्री ने कहा कि के. राजू की पहचान किसी पद से नहीं, बल्कि उनके संघर्ष, जनसेवा और प्रतिबद्धता से है। उन्होंने कहा कि बिना तथ्य और प्रमाण के आरोप लगाने वाले लोग अपनी सोच और विश्वसनीयता का स्वयं परिचय देते हैं।


राज्यसभा चुनाव के बाद बढ़ी सियासी तल्खी
दरअसल, राज्यसभा चुनाव में भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवाणी की जीत और कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा की हार के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। चुनाव परिणाम आने के बाद कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने राजद और भाकपा-माले पर धोखा देने का आरोप लगाया था। इसके बाद दोनों दलों की ओर से भी लगातार पलटवार किए जा रहे हैं। इसी बीच मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने बिना किसी दल या नेता का नाम लिए सोशल मीडिया के माध्यम से के. राजू के योगदान और सार्वजनिक जीवन में उनकी भूमिका को याद दिलाया।

 

Tags - Jharkhand Congress KRaju Politics RajyaSabha