logo

रांची पहुंचे के राजू, बैठक पर बैठक करेंगे पर सीएम के साथ बैठक का शिड्युल नहीं

k_raju.jpg

द फॉलोअप, रांची
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के राजू शाम आठ बजे दिल्ली से रांची पहुंचे। राज्यसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच उनका यह रांची दौरा काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मालूम हो कि पिछले दिनों उन्होंने राज्यसभा की एक सीट कांग्रेस को दिए जाने को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की थी। मुख्यमंत्री के सामने पार्टी का पक्ष और तर्क रखा था। उसके बाद मुख्यमंत्री ने के राजू को विचार करने के लिए दो-तीनों का समय मांगा था। के राजू फिर दिल्ली लौट कर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विचारों से पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी अवगत कराया। अब माना जा रहा है कि खड़गे और राहुल गांधी का संदेशा लेकर अब वह फिर मुख्यमंत्री से मिलेंगे और राज्यसभा की एक सीट कांग्रेस को देने की मांग करेंगे। इसके लिए गठबंधन धर्म का पालन करने की बात करेंगे। लेकिन के राजू का फिलहाल मुख्यमंत्री से मिलने का कोई शिड्युल तय नहीं हुआ है। वैसे अपने दौरे में वह पार्टी के विभिन्न संगठनों और कमेटियों के साथ लंबी बैठक करेंगे।


प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार के राजू 4 जून को दिन के 10 बजे से पुराना विधानसभा सभागार में को-ऑर्डिनेशन कमेटी की बैठक में शामिल होंगे। फिर दोपहर तीन बजे से शाम सात बजे तक जिला प्रभारियों के साथ बैठक करेंगे। 5 जून को पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी और पार्टी के फ्रंटल आर्गेनाइजेशन के साथ बैठक करेंगे। 6 जून का उनका अभी कोई कार्यक्रम तय नहीं है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि वह राज्यसभा चुनाव का पेंच सुलझने तक रांची में रहेंगे। मालूम हो कि 8 जून तक नामांकन की अंतिम तिथि है।

Tags - K Raju Congress in-charge Jharkhand Rajya Sabha elections Chief Minister meetings