जमशेदपुर
जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। काफी समय से रुकी हुई खासमहल-गोविंदपुर सड़क का निर्माण कार्य एक बार फिर शुरू हो गया है। स्थानीय विधायक मंगल कालिंदी ने खुद मौके पर पहुंचकर चल रहे काम का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और तय समय के अंदर काम को तेजी से पूरा किया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को जल्द से जल्द खराब रास्तों से निजात मिल सके।
हजारों को मिलेगी राहत
बताया गया कि यह सड़क जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र के हजारों लोगों के लिए आवागमन की एक महत्वपूर्ण कड़ी है। पिछले कुछ समय से तकनीकी और अन्य कारणों के चलते इसका निर्माण कार्य प्रभावित हो गया था, जिससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अब सभी बाधाओं को दूर करते हुए इस परियोजना को दोबारा गति दी गई है।
समय सीमा में पूरा होगा सड़क निर्माण का कार्य
निरीक्षण के दौरान कहा गया कि यह प्रयास रहेगा कि सड़क निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा हो, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर, सुगम और सुरक्षित यातायात सुविधा मिल सके। साथ ही यह भी कहा गया कि जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास और मजबूत आधारभूत संरचना के निर्माण के लिए प्रयास जारी रहेंगे।