जमशेदपुर
जमशेदपुर के सबसे बड़े थोक बाजार जुगसलाई इलाके में शुक्रवार शाम अपराधियों ने दिनदहाड़े फायरिंग की घटना को अंजाम दिया। जुगसलाई नगर परिषद कार्यालय के पीछे स्थित रेडीमेड कपड़ों की दुकान यूनिक कलेक्शन में घुसकर अपराधियों ने कारोबारी पर गोली चला दी। हालांकि, कारोबारी समय रहते झुक गये और गोली उनके कान के पार से पार हो गयी, जिससे कि कारोबारी की जान बच गयी। घटना के बाद बदमाश मौके से फरार हो गये।
जुगसलाई में दिनदहाड़े फायरिंग, कपड़ा कारोबारी पर हमला
इधर, फायरिंग की घटना के बाद जुगसलाई थाना क्षेत्र के बाजार इलाक़े में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही जुगसलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं, सिटी एसपी ललित मीणा ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जानकारी के अनुसार, जुगसलाई नगर परिषद कार्यालय के पीछे दिनेश कुमार केडिया की रेडीमेड कपड़ों की दुकान यूनीक कलेक्शन में शुक्रवार दोपहर एक मारून रंग की कार से कुछ अपराधी पहुंचे। बदमाश सीधे दुकान के अंदर दाखिल हुए और कारोबारी के ऊपर गोली चला दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तेजी से दुकान से बाहर निकले और कार से फरार हो गये। घटना में कारोबारी बाल-बाल बच गये, लेकिन इलाके में दहशत का माहौल है।
सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना कैद हुई
पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में रंगदारी के लिए फायरिंग किये जाने की आशंका जतायी जा रही है। हालांकि, पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि मारून रंग की कार से अपराधी पहुंचे थे। जिनके द्वारा एक राउंड फायरिंग की गयी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना कैद हुई है। फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान कर ली गयी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।