logo

जुगसलाई फायरिंग केस का खुलासा; सीसीटीवी से मिली सुराग, मनीष सिंह गैंग के 6 अपराधी गिरफ्तार

WhatsApp_Image_2026-05-20_at_5_07_24_PM.jpeg

जमशेदपुर 
जुगसलाई बाजार के कपड़ा दुकान में फायरिंग कर दहशत फैलाने के मामले में पुलिस ने मनीष सिंह गिरोह से जुड़े छह अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चार अवैध देशी पिस्टल, पांच जिंदा गोलियां, तीन खाली मैगजीन, एक खोखा, घटना में प्रयुक्त कार और छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बुधवार को सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
मास्टरमाइंड समेत छह दबोचे गए
गिरफ्तार आरोपियों में अभिषेक श्रीवास्तव उर्फ आर्यन, राहुल कुमार उर्फ राहुल सिंह उर्फ बड़कू, हरप्रीत सिंह भामराह उर्फ हैप्पी, राहुल सिंह उर्फ गेटलु, अंकित सोनकर उर्फ अंकित खटीक और बानेश्वर नामता शामिल हैं। इनमें पांच आरोपी जुगसलाई थाना क्षेत्र के निवासी हैं, जबकि बानेश्वर नामता सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र का रहने वाला है। सिटी एसपी ललित मीणा ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि रंगदारी वसूलने और इलाके में वर्चस्व कायम करने के उद्देश्य से अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया था। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने फायरिंग में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। मामले में कारोबारी के बयान पर जुगसलाई थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी थी।सीसीटीवी फुटेज से मिली सुराग
जांच के दौरान पुलिस ने दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिसके आधार पर अपराधियों की पहचान हुई। जांच में सामने आया कि सभी आरोपी मनीष सिंह गिरोह से जुड़े हैं। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर पांच आरोपियों को बर्मामाइंस थाना क्षेत्र स्थित रेलवे यार्ड से गिरफ्तार किया, जबकि एक आरोपी को जुगसलाई के पवट मोहल्ला से पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, राहुल सिंह उर्फ बड़कू, हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी, बानेश्वर नामता और अंकित सोनकर के खिलाफ पहले से विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

Tags - JamshedpurCrime JugsalaiFiring ManishSinghGang JharkhandPolice CriminalArrest