द फॉलोअप डेस्क
JTET के आयोजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। परीक्षा 11 अक्टूबर को कराने की तैयारी है। JAC ने परीक्षा से लेकर रिजल्ट जारी करने तक की पूरी प्रस्तावित टाइमलाइन स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग को सौंप दी है। परीक्षा की आधिकारिक तारीख की घोषणा जल्द किए जाने की संभावना है। JTET का आयोजन राज्य के सभी जिलों में किया जाएगा। इस बार करीब 4.40 लाख अभ्यर्थियों ने परीक्षा में शामिल होने के लिए आवेदन किया है।

दो पालियों में होगी परीक्षा
JTET में कक्षा 1 से 5 और कक्षा 6 से 8 के लिए अलग-अलग पात्रता परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा एक ही दिन दो पालियों में होने की योजना है। पहली पाली में कक्षा 1 से 5 और दूसरी पाली में कक्षा 6 से 8 के लिए परीक्षा होगी। जिन अभ्यर्थियों ने दोनों श्रेणियों के लिए आवेदन किया है, उन्हें दोनों पालियों में परीक्षा देनी होगी। JAC की प्रस्तावित समय-सारिणी के अनुसार सितंबर के अंतिम सप्ताह से एडमिट कार्ड जारी करने की प्रक्रिया शुरू होगी। अभ्यर्थी JAC की आधिकारिक वेबसाइट से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे।

नवंबर में आंसर की, दिसंबर में रिजल्ट
प्रस्तावित टाइमलाइन के मुताबिक परीक्षा के बाद नवंबर में उत्तर कुंजी जारी की जाएगी और अभ्यर्थियों से उस पर आपत्ति मांगी जाएगी। प्राप्त आपत्तियों की समीक्षा के बाद अंतिम उत्तर कुंजी तैयार की जाएगी और दिसंबर में JTET का रिजल्ट जारी करने की तैयारी है। झारखंड में पिछली शिक्षक पात्रता परीक्षा वर्ष 2016 में हुई थी। ऐसे में राज्य के अभ्यर्थी करीब नौ वर्षों से JTET का इंतजार कर रहे हैं। शिक्षा का अधिकार अधिनियम के प्रावधानों के तहत प्रत्येक वर्ष शिक्षक पात्रता परीक्षा आयोजित की जानी चाहिए। झारखंड में वर्ष 2011 से शिक्षा का अधिकार अधिनियम प्रभावी है, लेकिन अब तक राज्य में केवल दो बार ही शिक्षक पात्रता परीक्षा आयोजित हुई है।