logo

आंदोलनकारी छात्रों ने 20 अगस्त का CM आवास घेराव किया स्थगित, CBI जांच की मांग पर अडिग

PROTEST18.jpg

रांची 
राजधानी रांची में आंदोलनरत छात्रों ने 20 अगस्त को प्रस्तावित मुख्यमंत्री आवास घेराव का कार्यक्रम फिलहाल स्थगित कर दिया है। छात्रों का कहना है कि सरकार की ओर से 17 अगस्त को की गई घोषणाओं के संबंध में ऑफिशियल नोटिफिकेशन का इंतजार किया जा रहा है। नोटिफिकेशन जारी होने के बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी। छात्रों ने कहा कि सरकार ने उनकी मांगों को लेकर बड़ा दिल दिखाया है और JSSC-CGL समेत TDPL द्वारा संचालित सभी परीक्षाओं को रद्द करने का फैसला लिया है। इसके लिए उन्होंने सरकार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति धन्यवाद भी जताया है।

सीबीआई जांच की मांग पर कायम 


दूसरी ओर, छात्रों ने साफ किया है कि सीबीआई जांच की मांग पर वे अब भी अडिग हैं। उनका कहना है कि परीक्षा रद्द करना एक महत्वपूर्ण कदम है, लेकिन कथित गड़बड़ी की पूरी सच्चाई सामने लाने और दोषियों की पहचान के लिए निष्पक्ष जांच जरूरी है। बता दें कि 17 अगस्त को झारखंड सरकार ने JSSC-CGL परीक्षा सहित TDPL द्वारा संचालित कराई गई सभी परीक्षाओं को रद्द करने का फैसला किया था। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इसकी जानकारी मीडिया को दी थी। इससे पहले उन्होंने प्रोजेक्ट भवन में कैबिनेट के अन्य साथियों के साथ करीब तीन घंटे तक बैठक की। बैठक में परीक्षाओं को रद्द करने से जुड़े विभिन्न तकनीकी पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया, जिसके बाद सरकार ने यह फैसला लिया। अब आंदोलनरत छात्रों की नजर सरकार के ऑफिशियल नोटिफिकेशन पर है। छात्रों का कहना है कि सरकार की घोषणा को लेकर वे सकारात्मक हैं, लेकिन सीबीआई जांच की मांग पूरी होने तक उनका आंदोलन पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है।

हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/HH6GR1oBwB77Vy5eBcnoFo

Tags - JSSC CGL Exam Cancellation Student Protest CBI Investigation Jharkhand