द फॉलोअप डेस्क
JSSC CGL परीक्षा विवाद की जांच कर रही CID की SIT ने अब मामले से जुड़े कानूनी पहलुओं पर भी पड़ताल शुरू कर दी है। इसी क्रम में SIT ने JSSC के अधिवक्ता संजोय पिपरवाल को समन जारी कर पूछताछ के लिए उपस्थित होने का निर्देश दिया है। जांच टीम यह समझने की कोशिश कर रही है कि परीक्षा के आयोजन और पूरी प्रक्रिया के दौरान आयोग की ओर से क्या कदम उठाए गए, विवाद सामने आने के बाद कानूनी कार्रवाई किस तरह आगे बढ़ाई गई और प्रशासनिक स्तर पर फैसले लेते समय कौन-सी प्रक्रिया अपनाई गई। पूछताछ के दौरान आयोग की ओर से विभिन्न अदालती मामलों में रखी गई दलीलों, परीक्षा से संबंधित कानूनी दस्तावेजों और मामले में अपनाए गए कानूनी रुख को लेकर संजोय पिपरवाल से सवाल-जवाब किए जा सकते हैं। SIT परीक्षा एजेंसी, आयोग के अधिकारियों और कानूनी सलाहकारों के बीच हुए पत्राचार तथा अलग-अलग फैसलों के समय का भी मिलान कर रही है। अब तक जांच टीम आयोग के कई अधिकारियों, परीक्षा संचालन से जुड़ी बाहरी एजेंसियों के प्रतिनिधियों और मामले में संदिग्ध माने जा रहे अन्य लोगों से पूछताछ कर चुकी है। ऐसे में संजोय पिपरवाल से होने वाली पूछताछ में खास तौर पर परीक्षा विवाद से जुड़े कानूनी पक्ष और आयोग की ओर से उठाए गए कदमों पर जानकारी जुटाई जा सकती है।
