रांची
झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की नियुक्ति परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में अभ्यर्थियों का आंदोलन सोमवार को 17वें दिन भी जारी है। रविवार को राज्य सरकार के प्रतिनिधिमंडल और छात्र प्रतिनिधियों के बीच हुई तीसरे दौर की वार्ता भी बेनतीजा रही। दो प्रमुख मांगों पर सहमति नहीं बनने के बाद छात्रों ने अपना रुख और कड़ा कर लिया है। अभ्यर्थियों ने सोमवार को विधानसभा घेराव का ऐलान किया है। इसे लेकर सोमवार सुबह से ही रांची के पुराने विधानसभा परिसर और कचहरी के पास स्थित जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम के आसपास छात्रों का जुटना शुरू हो गया। राज्य के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी रांची पहुंचे हैं।
घंटों चली वार्ता, नहीं बनी सहमति
रविवार को छात्रों और प्रशासनिक प्रतिनिधिमंडल के बीच घंटों तक बातचीत हुई। बैठक में छात्रों की विभिन्न मांगों पर चर्चा हुई, लेकिन दो प्रमुख मुद्दों पर सहमति नहीं बन सकी। वार्ता विफल होने के बाद अभ्यर्थियों ने पूर्व घोषित रणनीति के तहत सोमवार को विधानसभा घेराव करने का फैसला किया। सुबह से ही जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्रों की भीड़ जुटने लगी। यहां से अभ्यर्थी जुलूस की शक्ल में विधानसभा की ओर बढ़ने की तैयारी में हैं।
विधानसभा के 750 मीटर दायरे में निषेधाज्ञा
छात्रों के विधानसभा घेराव के ऐलान को देखते हुए रांची जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। नव-निर्मित विधानसभा परिसर के 750 मीटर के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू की गई है। इसके तहत धरना-प्रदर्शन, हथियार लेकर चलने और समूह बनाकर एकत्र होने पर प्रतिबंध रहेगा।
छह लेयर की सुरक्षा, कंटीले तारों से बैरिकेडिंग
विधानसभा की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर सुबह से ही बड़ी संख्या में पुलिस बल और त्वरित कार्य बल (RAF) की तैनाती की गई है। प्रदर्शनकारियों को विधानसभा की ओर बढ़ने से रोकने के लिए सुरक्षा के बहुस्तरीय इंतजाम किए गए हैं। जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से विधानसभा की ओर जाने वाले मार्ग पर छह स्थानों पर बड़े बैरिकेड लगाए गए हैं। मुख्य बैरिकेडिंग को कंटीले तारों से भी घेरा गया है। प्रशासन की कोशिश है कि प्रदर्शनकारियों की भीड़ को विधानसभा परिसर की ओर जाने से रोका जा सके और कानून-व्यवस्था बनी रहे।