द फॉलोअप डेस्क
JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितता और सरकार के फैसले पर हाईकोर्ट की रोक के बाद छात्रों के आंदोलन ने नया रूप ले लिया है। छात्रों पर लाठीचार्ज और मारपीट की घटना के विरोध में रिफॉर्म मंच की ओर से आज, 22 अगस्त की शाम हजारीबाग में मौन जुलूस निकाला जाएगा। मंच ने स्पष्ट किया है कि मौन जुलूस केवल हजारीबाग में ही आयोजित किया जाएगा। दरअसल, सरकार के फैसले पर हाईकोर्ट द्वारा स्टे लगाए जाने के बाद छात्रों ने आरोप लगाया था कि सरकार ने अदालत में अपना पक्ष मजबूती से नहीं रखा। इसके विरोध में छात्रों ने 21 अगस्त की शाम मुख्यमंत्री और राहुल गांधी का पुतला दहन करने का ऐलान किया था।

युवाओं से जुलूस में शामिल होने की अपील
पुतला दहन के लिए छात्र कई जिलों में निकले थे। इस दौरान कुछ जगहों पर झामुमो कार्यकर्ताओं द्वारा छात्रों को रोकने का आरोप लगा। गिरिडीह में छात्रों और झामुमो कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट की भी बात सामने आई। वहीं, हजारीबाग और रांची में छात्रों पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किए जाने का आरोप लगाया गया। घटनाओं के विरोध में रिफॉर्म मंच ने 22 अगस्त को हजारीबाग में मौन जुलूस निकालने की घोषणा की है। मंच का कहना है कि छात्रों के साथ हुई कथित मारपीट और लाठीचार्ज के खिलाफ शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराया जाएगा। रिफॉर्म मंच ने छात्रों, युवाओं और आम लोगों से मौन जुलूस में शामिल होने की अपील की है।