द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षाओं को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच सियासी हलचल तेज हो गई है। BJP युवा मोर्चा अध्यक्ष शशांक राज ने आंदोलनरत छात्रों के समर्थन का ऐलान करते हुए 10 अगस्त को प्रस्तावित विधानसभा घेराव में प्रदेशभर के युवाओं और छात्रों से शामिल होने की अपील की है। शशांक राज ने आरोप लगाया कि छात्र पिछले करीब 15 दिनों से रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में बारिश के बीच अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। उनका आरोप है कि सरकार छात्रों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय आंदोलन को अलग-अलग गुटों में बांटने का प्रयास कर रही है।

JPSC-JSSC में अनियमितताओं की जांच की मांग
BJP युवा मोर्चा नेता के मुताबिक, छात्रों की प्रमुख मांगों में JPSC, JSSC समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच और CBI जांच शामिल है। उन्होंने कहा कि छात्रों की ओर से CBI जांच की मांग उठाई जा रही है, लेकिन सरकार ने अब तक इस पर सहमति नहीं दी है। शशांक राज ने 10 अगस्त को होने वाले विधानसभा घेराव को 'नौकरी बचाने का आंदोलन' बताया। उन्होंने कहा कि यह किसी एक दल का आंदोलन नहीं है, बल्कि युवाओं और छात्रों के भविष्य से जुड़ा मुद्दा है। उन्होंने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर प्रदेश के युवाओं और छात्रों से आंदोलन में शामिल होने की अपील की।

आंदोलन रोकने पर और व्यापक होने की चेतावनी
BJP युवा मोर्चा नेता ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों को आंदोलन करने से रोकने का प्रयास किया गया तो आंदोलन और व्यापक हो सकता है। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए और उनके भविष्य से जुड़े सवालों का समाधान किया जाना चाहिए। BJP युवा मोर्चा ने कहा कि संगठन शुरुआत से ही आंदोलनरत छात्रों के साथ नैतिक समर्थन में खड़ा रहा है। अब 10 अगस्त के प्रस्तावित विधानसभा घेराव को सफल बनाने के लिए प्रदेशभर के युवाओं और छात्रों से एकजुट होकर इसमें शामिल होने की अपील की जा रही है।