द फॉलोअप डेस्क
JPSC-JSSC परीक्षा में गड़बड़ी के मामले में जांच का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। सीआईडी जांच के बीच गिरिडीह पुलिस भी मामले में सक्रिय है। सोमवार-मंगलवार की देर रात पुलिस की विशेष टीम ने परीक्षा एजेंसी टीडीपीएल के मार्केटिंग मैनेजर रहे अभय तिवारी के घर पहुंचकर उनके भाई अक्षय तिवारी और पत्नी को पूछताछ के लिए थाना लाया। दोनों से पुलिस अलग-अलग पूछताछ कर रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, विशेष टीम देर रात दोनों को उनके घर से लेकर गिरिडीह पहुंची। इसके बाद दोनों से मामले से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी ली जा रही है। हालांकि, पुलिस की ओर से इस कार्रवाई को लेकर फिलहाल आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है। पुलिस के मुताबिक, सोमवार-मंगलवार की देर रात को गिरिडीह पुलिस की विशेष टीम दोनों के घर पहुंची। फिर दोनों को पूछताछ के लिए गिरिडीह लाया गया. यहां दोनों से अलग-अलग थाना में पूछताछ कर रही है।

अन्य लोगों की भूमिका पर हो रही पूछताछ
जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा में गड़बड़ी सामने आने के बाद झारखंड सीआईडी ने जांच शुरू की थी। जांच के क्रम में परीक्षा एजेंसी टीडीपीएल के मार्केटिंग मैनेजर अभय तिवारी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान उनसे परीक्षा में अनियमितताओं से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिलने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, अभय तिवारी ने जेएसएससी की पोस्ट ग्रेजुएट ट्रेंड टीचर कॉम्पिटिटिव एग्जामिनेशन (PGT) में गड़बड़ी की बात स्वीकार की है। यह परीक्षा 3120 पदों पर भर्ती के लिए कंप्यूटर आधारित माध्यम से आयोजित की गई थी। जांच एजेंसियां अब गड़बड़ी के पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही हैं।

जांच की कड़ी में भाई पत्नी से पूछताछ
अभय तिवारी के भाई और पत्नी से पूछताछ को भी इसी जांच की कड़ी के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस दोनों से मिली जानकारी का सत्यापन कर रही है। जांच आगे बढ़ने के साथ मामले में और लोगों से पूछताछ या कार्रवाई की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है।