द फॉलोअप डेस्क
JPSC-JSSC परीक्षा रद्द करने और CBI जांच की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों के धरने का सोमवार को 24वां दिन है। सरकार ने अब आंदोलनकारी छात्रों को बातचीत के लिए आमंत्रित किया है। रांची एसडीएम और एडीएम ने छात्रों को सोमवार दोपहर 2 बजे बातचीत के लिए बुलाया है। इससे पहले रविवार को आंदोलनकारी छात्रों ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला फूंका था।

राहुल गांधी के आश्वासन का छात्रों ने किया जिक्र
छात्र नेता रविंद्र पासवान ने कहा कि आंदोलन शुरू होने के समय राहुल गांधी ने फोन कर आश्वासन दिया था कि यदि 15 अगस्त तक मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन छात्रों की मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं करते हैं और उचित जवाब नहीं देते हैं, तो कांग्रेस झारखंड सरकार से अपना समर्थन वापस ले लेगी। छात्रों का आरोप है कि 15 अगस्त बीत जाने के बाद भी सरकार की ओर से उनकी मांगों को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की गई। वहीं, पांच छात्र अब भी भूख हड़ताल पर बैठे हैं, जिनमें तीन छात्र सदर अस्पताल में भर्ती हैं और वहीं अनशन जारी रखे हुए हैं।

देवेंद्रनाथ महतो को अस्पताल से बाहर जाने से रोका गया
बीते 14 दिनों से भूख हड़ताल कर रहे छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा यात्रा में शामिल होकर झंडा फहराना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें अस्पताल में ही रोक दिया। इस दौरान छात्र नेता और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। प्रशासन का कहना है कि देवेंद्रनाथ महतो की स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए उन्हें अस्पताल से बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई थी।