logo

एल. ख्यांग्ते लगातार दूसरे दिन समय से पहुंचे CID दफ्तर

दतोोो1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) के पूर्व अध्यक्ष एल. ख्यांग्ते 14वीं सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच के सिलसिले में लगातार दूसरे दिन बुधवार को सीआईडी मुख्यालय पहुंचे। मंगलवार को भी वह ओला की स्विफ्ट डिजायर कार से सीआईडी कार्यालय पहुंचे थे, जहां अधिकारियों ने उनसे कई घंटे तक पूछताछ की थी। देर शाम तक चली पूछताछ के बाद उन्हें बुधवार को दोबारा तलब किया गया था। मामले की जांच को लेकर सीआईडी लगातार साक्ष्य जुटाने में लगी है।


परीक्षा प्रक्रिया और एजेंसी के चयन पर पूछे गए सवाल
पूछताछ के दौरान सीआईडी अधिकारियों ने परीक्षा संचालन से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर एल. ख्यांग्ते से सवाल किए। जांच एजेंसी ने ब्लैकलिस्टेड कंपनी के चयन, परीक्षा प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं, परीक्षा संचालन एजेंसी से जुड़े लोगों के साथ संबंधों तथा उप परीक्षा नियंत्रक के तबादले के बावजूद उनके जेपीएससी में बने रहने को लेकर जवाब मांगा। सूत्रों के अनुसार, पूर्व अध्यक्ष ने सभी प्रक्रियाओं को नियमानुसार बताया और कई आरोपों की जानकारी होने से इनकार किया।


सरकारी आवास और कार्यालय में भी हो चुकी है तलाशी
इससे पहले सीआईडी की टीम एल. ख्यांग्ते के सरकारी आवास और जेपीएससी कार्यालय स्थित उनके कक्ष में भी तलाशी ले चुकी है। तलाशी के दौरान जांच एजेंसी ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच की थी। 14वीं सिविल सेवा पीटी परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर सीआईडी की जांच लगातार आगे बढ़ रही है और इस मामले में संबंधित पक्षों से पूछताछ का सिलसिला जारी है।

Tags - JPSC CID Jharkhand Examination Investigation