द फॉलोअप डेस्क
जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल. ख्यांग्ते को सीआईडी ने आज तीसरी बार पूछताछ के लिए तलब किया है। इससे पहले वह दो बार सीआईडी के समक्ष पूछताछ के लिए उपस्थित हो चुके हैं। सीआईडी के अनुसार, आरोपियों के बयान और टीडीपीएल के कंप्यूटर से मिले डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर डेटा टेंपरिंग, ओएमआर शीट में हेराफेरी और अन्य अनियमितताओं से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आए हैं। जांच एजेंसी ने उनका पासपोर्ट भी जब्त कर विदेश यात्राओं का ब्योरा खंगालना शुरू कर दिया है। सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के बाद उनकी गिरफ्तारी की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि 21 जुलाई को जेपीएससी कार्यालय में सीआईडी और रांची पुलिस की छापेमारी के बाद एल. ख्यांग्ते ने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसे 22 जुलाई को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने मंजूर कर लिया था।
