logo

JPSC में पूर्व चेयरमैन एल ख्यांगते ऐसे करते थे वसूली, 10 रूपये का नोट था कोड

JPSC में पूर्व चेयरमैन एल ख्यांगते ऐसे करते थे वसूली, 10 रूपये का नोट था कोड

द फॉलोअप डेस्क:

झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही सीआईडी (CID) ने अपनी चार्जशीट में कई अहम खुलासे किए हैं। जांच के अनुसार, आयोग के तत्कालीन अध्यक्ष एल ख्यांग्ते (L Khiyangte) पर अवैध लेन-देन के लिए 10 रुपये के नोट को कोड के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप है। चार्जशीट में बिनसिस एजेंसी के निदेशक अरुण कुमार और ख्यांग्ते के बीच संपर्क कराने में धर्मेंद्र की भूमिका का भी उल्लेख किया गया है। जांच एजेंसी के मुताबिक, इसी संपर्क के बाद एजेंसी को जेट परीक्षा आयोजित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसके बदले दो करोड़ रुपये नकद और बिल की राशि का 10 प्रतिशत कमीशन तय होने की बात सामने आई है।

मिजोरम जाकर पैसे देने का आरोप

सीआईडी की जांच में जेपीएससी की तत्कालीन सदस्य अजीता भट्टाचार्य के निजी सहायक, पतंजलि आईएएस के रवि, बिनसिस एजेंसी के निदेशक अरुण कुमार और धर्मेंद्र के बीच संपर्कों की कड़ियां भी सामने आई हैं। चार्जशीट के अनुसार, 25 दिसंबर 2025 को अरुण कुमार और सानंद प्रकाश मिजोरम गए थे, जहां उन्होंने ख्यांग्ते को 2.5 लाख रुपये दिए थे। जांच एजेंसी ने एयरलाइन के यात्रा रिकॉर्ड और मोबाइल लोकेशन के आधार पर इस यात्रा की पुष्टि होने की बात कही है। वहीं, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) के विश्लेषण में पिछले दो वर्षों के दौरान अरुण कुमार और ब्रज राम के बीच 408 बार बातचीत होने का उल्लेख है। इसके अलावा, अरुण कुमार की जेपीएससी की पूर्व परीक्षा नियंत्रक श्वेता गुप्ता से पांच बार और धर्मेंद्र से एक बार बातचीत होने की जानकारी भी सामने आई है।

लैपटॉप बैग से मिले सफल अभ्यर्थियों के दस्तावेज

चार्जशीट में यह आरोप भी लगाया गया है कि ख्यांग्ते ने वर्ष 2024 में ब्लैकलिस्टेड टीडीपीएल एजेंसी को बिना टेंडर प्रक्रिया के वर्ष 2025 की परीक्षाएं आयोजित करने का काम सौंपा था। जांच के दौरान पूर्व अध्यक्ष के लैपटॉप बैग से 15 सफल अभ्यर्थियों के गोपनीय दस्तावेज और उनके मोबाइल नंबर मिलने की बात भी सामने आई है। सीआईडी अब मामले की तह तक पहुंचने के लिए सीसीटीवी फुटेज और बैंक स्टेटमेंट की जांच कर रही है। इन साक्ष्यों के आधार पर कथित लेन-देन, एजेंसियों के चयन और परीक्षा प्रक्रिया में अनियमितताओं से जुड़े पहलुओं की पड़ताल आगे बढ़ाई जा रही है।

Tags - Jharkhand News Jharkhand Latest News JPSC Exam Scam JPSC Exam Irregularities L Khiyangte CID Investigation