द फॉलोअप डेस्क
JPSC की ओर से आयोजित परीक्षाओं में कथित धांधली की जांच कर रही CID को अब तक की पड़ताल में कई अहम जानकारियां मिली हैं। जांच के दौरान करीब 400 लोगों की नियुक्ति कथित तौर पर फर्जी तरीके से किए जाने की जानकारी सामने आई है। CID को यह भी पता चला है कि इसके बदले परीक्षार्थियों से 15 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध वसूली की गई। जांच से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, जैसे-जैसे पड़ताल आगे बढ़ेगी, घोटाले में शामिल रकम का आंकड़ा और बढ़ सकता है। हालांकि, इस संबंध में फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। CID को 15 करोड़ रुपये से अधिक की वसूली से जुड़ी जानकारी गिरफ्तार आरोपियों के बयानों और छापेमारी के दौरान जब्त दस्तावेजों से मिली है। फिलहाल जांच एजेंसी इस पूरे वित्तीय लेन-देन और कथित हेरफेर की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
