द फॉलोअप डेस्क
जेपीएससी के अध्यक्ष एल.ख्यांग्ते का इस्तीफा राज्यपाल संतोष गंगवार ने स्वीकार कर लिया है। मंगलवार देर रात दिए गए उनके त्यागपत्र को मंजूरी मिलने के बाद इसे मुख्य सचिव के माध्यम से कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग को अधिसूचना जारी करने के लिए भेज दिया गया है। अपने इस्तीफे में ख्यांग्ते ने लिखा है कि उनके कार्यकाल में आयोग ने पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ बेहतर कार्य किया तथा कर्मचारियों ने भी अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। इसके बावजूद आयोग के कार्यालय में सीआईडी द्वारा की गई छापेमारी से वे बेहद आहत हुए हैं। उन्होंने कहा कि आयोग की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से उन्होंने पद छोड़ने का निर्णय लिया है।

गौरतलब है कि जेपीएससी की नियुक्ति परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और परीक्षा संचालन का कार्य उत्तर प्रदेश की एक ब्लैकलिस्टेड कंपनी को दिए जाने के आरोपों को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इस मामले में सरकार को कई शिकायतें मिली थीं। इन्हीं आरोपों की जांच के तहत सीआईडी और रांची पुलिस ने जेपीएससी कार्यालय में छापेमारी की थी। छापेमारी के बाद ही एल.बी. ख्यांग्ते के इस्तीफे की खबर सामने आई, जिसे अब राज्यपाल ने औपचारिक रूप से स्वीकार कर लिया है।