logo

28 अक्टूबर को नड्डा आएंगे रांची, 1 महीने बाद पीएम मोदी का भी दौरा; बढ़ी सियासी हलचल

a701.jpeg

रांची:

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 28 अक्टूबर को रांची आ रहे हैं। जेपी नड्डा झारखंड बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी की संकल्प यात्रा के समापन पर आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। हरमू मैदान में संकल्प यात्रा का समापन समारोह प्रस्तावित है। झारखंड बीजेपी का कहना है कि जेपी नड्डा के रांची दौरे का पूरा शेड्यूल अभी नहीं आया है। बता दें कि बहुत जल्द मिजोरम, राजस्थान, तेलांगना, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में विधानशभा के चुनाव होने वाले हैं। मिशन 2024 के तहत अगले साल झारखंड में भी विधानसभा के चुनाव होंगे। ऐसे में जेपी नड्डा का रांची दौरा काफी अहम माना जा रहा है। जेपी नड्डा की यात्रा का पूरा शेड्यूल भी जल्दी जारी किया जा सकता है। 

28 अक्टूबर को होगा यात्रा का समापन
गौरतलब है कि जुलाई 2023 में झारखंड बीजेपी की कमान संभालने के बाद बाबूलाल मरांडी ने 17 अगस्त से संकल्प यात्रा की शुरुआत की थी। इस दौरान उन्होंने झारखंड की सभी 81 विधानसभा सीटों का दौरा करने का लक्ष्य तय किया था। शुरुआत, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विधानसभा क्षेत्र बरहेट के हूल क्रांति के नायक सिद्धो-कान्हू की जन्मस्थली भोगनाडीह से हुई थी। बताया जाता है कि बाबूलाल मरांडी ने यह संकल्प यात्रा केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर ही निकाली थी। दरअसल, पिछले विधानसभा चुनावों में संताल परगना की किसी भी आरक्षित सीट पर बीजेपी को जीत नहीं मिली थी। वहीं, लगातार दूसरी बार राजमहल लोकसभा सीट भी गंवाई थी। बीजेपी इस बार वहां मजबूती से उतरना चाहती है। 

भ्रष्टाचार सहित कई मुद्दों पर छिड़ेगी बहस
कयास हैं कि बाबूलाल मरांडी की इसी संकल्प यात्रा के समापन में जेपी नड्डा न केवल आगामी चुनावों को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे बल्कि राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधेंगे। जेपी नड्डा खासतौर पर भ्रष्टाचार को लेकर हमलावर रह सकते हैं। हाल ही में जमीन घोटाला केस में सीएम हेमंत को 5 समन जारी किया गया था लेकिन वह एक बार भी हाजिर नहीं हुए। राज्य में विधि-व्यवस्था का मसला भी ज्वलंत है। इसके अलावा बेरोजगारी और केंद्र की कल्याणकारी योजनाओं को राज्य में सह ढंग से नहीं लागू करने की बात भी जेपी नड्डा मंच से कर सकते हैं। 

28 नवंबर को प्रधानमंत्री मोदी भी आएंगे रांची
सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक 28 अक्टूबर को जहां पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा रांची का दौरा करेंगे वहीं, इसके ठीक 1 महीने बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रांची आने वाले हैं। बस आधिकारिक ऐलान होना बाकी है। गौरतलब है कि अब झारखंड में विधानसभा चुनाव के लिए 1 साल का ही वक्त बचा है। लोकसभा के चुनाव भी होने वाले हैं। इस समय प्रदेश की 11 लोकसभा सीटों पर काबिज बीजेपी यहां की सभी 14 सीटों पर जीत चाहती है वहीं प्रदेश की सत्ता में वापसी का भी लक्ष्य है।