logo

संयुक्त सचिव पंकज सिंह ने वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर से माफी मांगी, एक विवाद सलटा

0990.jpg

द फॉलोअप, रांची
वित्त विभाग के संयुक्त सचिव पंकज कुमार सिंह ने वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर से माफी मांग ली है। उन्होंने स्कॉट वाहन लौटाने के लिए वित्त मंत्री को लिखे पत्र के लिए खेद व्यक्त कर लिया है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार पंकज कुमार सिंह के खेद व्यक्त करने के बाद वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर भी उन्हें माफ कर देने की बात कही है। इस विषय को अब और तूल नहीं देने का आश्वासन दिया है। इस तरह विभाग के संयुक्त सचिव के प्रति वित्त मंत्री की नाराजगी अब दूर हो गयी है। इसके अलावा सरकारी वाहन को लेकर उनकी नाराजगी भी उस दिन दूर कर दी गयी। यही कारण भी रहा कि सोमवार को वित्त मंत्री कैबिनेट डिपार्टमेंट द्वारा उपलब्ध कराए गए सरकारी वाहन से ही प्रोजेक्ट भवन गए। हालांकि अभी भी वह सुरक्षाकर्मियों और स्कॉट वाहन की सुविधा नहीं ले रहे हैं। इस कारण पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर पीछे पीछे चल रहे विशेष शाखा व जैप के जवानों को काफी परेशानी हो रही है।


जानकारी के अनुसार 10 जुलाई को वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कैबिनेट से मिले सरकारी वाहन को लौटाने की धमकी दी थी। उसके बाद विभाग में अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो गयी। दौरे दौरे वित्त सचिव प्रशांत कुमार वित्त मंत्री के चैंबर में आए। लगभग एक घंटे तक विभिन्न मुद्दों पर बातचीत हुई। उस क्रम में संयुक्त सचिव पंकज कुमार सिंह द्वारा वित्त मंत्री को लिखे उस पत्र का विषय भी आया। उस पत्र के माध्यम से पंकज कुमार सिंह ने वित्त मंत्री से पुलिस मुख्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए तीसरे वाहन को लौटाने का आग्रह किया था। इस पर वित्त मंत्री खासे नाराज हुए थे। उन्होंने वित्त सचिव को पत्र लिख कर तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण पूछा था। 


10 जुलाई को वित्त मंत्री की नाराजगी दूर करने के लिए वित्त सचिव ने पंकज कुमार सिंह को भी राधाकृष्ण किशोर के चैंबर में बुलाया। पंकज कुमार सिंह ने वित्त मंत्री के सामने पत्र लिखने के लिए खेद व्यक्त किया। इस क्रम में यह भी तय हुआ कि वित्त मंत्री ने लिखित रूप से पंकज कुमार सिंह से स्पष्टीकरण पूछा है, इसलिए वह अपने लिखित जवाब में भी खेद व्यक्त करेंगे। हालांकि अब तक पंकज कुमार सिंह का लिखित जवाब वित्त मंत्री को नहीं मिला है। विभाग अब वित्त मंत्री के स्पष्टीकरण का जवाब बनाने में लगा है। अब इस तरह से जवाब तैयार किया जा रहा है जिससे सांप भी मर जाए और लाठी भी न टूटे। 

Tags - Jharkhand Finance Minister Radhakrishna Kishore Joint Secretary Pankaj Singh controversy resolved apology