द फॉलोअप डेस्क
साहेबगंज के भोगनाडीह में हुल दिवस के अवसर पर हुए बवाल को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) अब आक्रामक मूड में आ गई है। गुरुवार को गिरिडीह के JMM जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने प्रेसवार्ता कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला और इसे एक सोची-समझी साजिश करार दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने देश को लूटने का काम किया है और हुल दिवस जैसे ऐतिहासिक दिन पर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई।
संजय सिंह ने मांग की कि प्रशासन इस घटना की उच्च स्तरीय जांच कर जल्द से जल्द पूरे मामले का खुलासा करे। उन्होंने कहा कि भोगनाडीह की धरती हमारे इतिहास और स्वाभिमान का प्रतीक है, जहां से सिद्धो-कान्हू ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ बगावत का बिगुल फूंका था। ऐसे पावन स्थल पर इस तरह की घटना अत्यंत निंदनीय है।
उन्होंने आगे बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन हुल दिवस के कार्यक्रम में इसलिए शामिल नहीं हो सके क्योंकि गुरु जी शिबू सोरेन की तबियत गंभीर थी और वे दिल्ली में मौजूद थे। भाजपा द्वारा इस मुद्दे को राजनीतिक रंग देना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
JMM ने इस घटना के विरोध में गुरुवार को शहर में जोरदार प्रदर्शन किया। सैकड़ों कार्यकर्ता संजय सिंह के नेतृत्व में पैदल मार्च करते हुए टावर चौक पहुंचे, जहां भाजपा का पुतला फूंका गया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने "भाजपा मुर्दाबाद", "हुल दिवस के अपमान का बदला लेगा झारखंड" जैसे नारे लगाए।
प्रेसवार्ता में संजय सिंह ने दो टूक कहा कि JMM किसी भी हालत में अपने इतिहास और शहीदों के सम्मान से समझौता नहीं करेगी। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर दोषियों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो JMM राज्यव्यापी आंदोलन करेगी।
