साहिबगंज
Sahibganj News: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक संरक्षक स्वर्गीय शिबू सोरेन की पत्नी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता स्वर्गीय रूपी सोरेन के निधन पर झामुमो कार्यकर्ताओं ने शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सोमवार को बोरियो प्रखंड के मोरंग नदी स्थित आवास पर पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से श्रद्धांजलि सभा और शोकसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व झामुमो के जिला उपाध्यक्ष संजीव शामू हेंब्रम और जिला सचिव सुरेश टुडू ने किया।

दो मिनट का मौन रखकर दी श्रद्धांजलि
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए इस कठिन समय में परिवार को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
.jpeg)
शिबू सोरेन के संघर्षों में रूपी सोरेन के योगदान को किया याद
सभा को संबोधित करते हुए जिला उपाध्यक्ष संजीव शामू हेंब्रम और जिला सचिव सुरेश टुडू ने कहा कि रूपी सोरेन के निधन से झारखंड के लोगों और झामुमो परिवार को गहरा दुख पहुंचा है। उन्होंने कहा कि रूपी सोरेन महाजनी प्रथा के खिलाफ संघर्ष के दौर से ही स्वर्गीय शिबू सोरेन की सहयोगी रही थीं। उन्होंने झारखंड आंदोलन के कठिन दौर को करीब से देखा और हर परिस्थिति में शिबू सोरेन का साथ दिया। दोनों नेताओं ने कहा कि झारखंड राज्य के गठन के लिए चले लंबे संघर्ष में रूपी सोरेन का समर्पण और सहयोग हमेशा याद किया जाएगा। उनका जीवन संघर्ष, त्याग और समर्पण की मिसाल है। उनके योगदान को झामुमो कार्यकर्ता हमेशा स्मरण करते रहेंगे। नेताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
.jpeg)
जिला और प्रखंड स्तर के पदाधिकारी रहे मौजूद
श्रद्धांजलि सभा में केंद्रीय समिति सदस्य मुजीबुर रहमान, जिला युवा मोर्चा सचिव मो. मारुफ उर्फ गुड्डू, जिला परिषद अध्यक्ष मोनिका किस्कू, जिला कार्यकारिणी सदस्य नजरुल इस्लाम, जिला उपाध्यक्ष जेम्स किस्कू और रहमान अंसारी, जिला संगठन सचिव छवि हेंब्रम, काजू मल्लिक तथा जिला युवा मोर्चा उपाध्यक्ष मो. अली सहित कई पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा देव सोरेन, बर्नाड मरांडी, स्टीफन मुर्मू, अयूब अली, अनिसुर रहमान, सुबोध सोरेन, अमरदीप सिंह, राजू अंसारी, आदित्य यादव, गोपाल यादव, रिजवान अंसारी, संगीता हांसदा, जोसेफ, जेठा मरांडी, शकील अहमद, फरहाद अंसारी, सुरेश मरांडी, निताय मंडल, मो. जहांगीर अंसारी, समदा सोरेन, मो. एजाज अंसारी, चरण हांसदा और मिट्ठू कुमार दत्ता समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत रूपी सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।