logo

झामुमो को हुई सुदेश महतो की चिंता, JLKM को बताया भाजपा की B टीम; माजरा क्या है!

jlkm8.jpg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

झारखंड मुक्ति मोर्चा को सुदेश महतो की चिंता हो रही है। डुमरी विधायक जयराम महतो की पार्टी झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा को भाजपा की B टीम बताते हुए बरवाअड्डा थाना प्रकरण पर प्रतिक्रिया दी है। झामुमो ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा कि, चूंकि भाजपा अब अपनी B टीम J (JLKM) के लिए खुलकर सामने आ गई है तो हमें सुदेश महतो की चिंता होना स्वाभाविक है। झामुमो ने तंजात्मक लहजे में कहा कि भाजपा यूज-एंड-थ्रो में माहिर है। उन्होंने कहा कि अपने स्वार्थ के लिए भाजपा किसी की बलि देने और लेने में पीछे नहीं रहती।

दरअसल, बरवाअड्डा थाना प्रभारी को कथित तौर पर धमकाने और अपशब्द कहने पर झारखंड पुलिस एसोसिएशन के साथ जारी गतिरोध के बीच बाबूलाल मरांडी ने जयराम महतो का समर्थन किया है। 

 

बाबूलाल मरांडी पर किया करारा तंज
झामुमो ने कहा कि बाबूलाल मरांडी जब झारखंड विकास मोर्चा में थे, तब हर समाज को साथ लेकर चलने की बात करते थे। तब सकारात्मक राजनीति, विकास और लोकतंत्र की बात करते थे। झामुमो ने कहा कि बाबूलाल मरांडी जैसे ही भाजपा में गए, भाजपा उन्हीं के श्रीमुख से निकले शब्दों को रोज वापस उन्हीं से साफ करवा रही है। रोज अपनी कही बातों को सोचकर लज्जित होते हैं। झामुमो ने आरोप लगाया कि यदि बाबूलाल मरांडी को भाजपा में टिकना है तो नफरत तो फैलाना ही पड़ेगा। 

सुदेश महतो को झामुमो ने दी नसीहत
झारखंड मुक्ति मोर्चा ने कहा कि 2029 के चुनावों से पहले बाबूलाल मरांडी को किनारे लगाकर मार्गदर्शक मंडली में भेज दिया जायेगा। यही भाजपा की यूज एंड थ्रो की राजनीति है। झामुमो ने कहा कि भाजपा को पहले चेहरा चाहिए, फिर उनका वोट चाहिए। आगे उनकी आवाज चाहिए। झामुमो ने कहा कि भाजपा का जैसे ही काम निकल जाता है, नया चेहरा खोजकर पुराने को किनारे लगा देती है। झामुमो ने सुदेश महतो को भाजपा का साथ छोड़कर झारखंडियों का साथ देने की नसीहत भी दी है। 



सुदेश महतो पर झामुमो का गंभीर आरोप
दिलचस्प है कि झारखंड मुक्ति मोर्चा ने खान एवं खनिज बिल पर सुदेश महतो पर अपने स्टैंड से पीछे हटने का आरोप लगाया। झामुमो ने आरोप लगाया कि केंद्रीय जांच एजेंसियों के भय से सुदेश महतो चुप रहने को मजबूर हैं। कहा कि झारखंड की लड़ाई डरकर लड़ने वालों की नहीं है। सत्तारुढ़ दल ने कहा कि जिस धरती ने बिरसा मुंडा को जन्म दिया, वहां का सच्चा झारखंडी डर के आगे झुकता नहीं। 
 

Tags - JMMBJP JharkhandJairam MahtoBabulal Marandi