logo

राज्यसभा चुनाव के लिए झामुमो प्रत्याशी की घोषणा आज, दूसरी सीट के लिए खड़गे से बातचीत जारी

cmhemantandkharge.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए चुनावी प्रक्रिया शुरू हो गई है। अधिसूचना जारी होने के पहले दिन किसी उम्मीदवार ने नामांकन पत्र नहीं खरीदा लेकिन राजनीतिक दलों के बीच बैठकों का दौर शुरू हो गया है। महागठबंधन की ओर से एक सीट पर झारखंड मुक्ति मोर्चा का उम्मीदवार उतरना लगभग तय माना जा रहा है।

पार्टी मंगलवार को अपने प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर सकती है। सूत्रों के अनुसार संभावित नामों में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की बहन अंजनी सोरेन और झामुमो महासचिव विनोद पांडेय की चर्चा सबसे अधिक है।

सीएम और खड़गे के बीच फोन पर हुई बात 
वहीं राज्यसभा की दूसरी सीट को लेकर महागठबंधन में अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है। कांग्रेस इस सीट पर अपना उम्मीदवार उतारने की कोशिश में जुटी है। इसी मुद्दे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बीच फोन पर बातचीत हुई। सूत्रों के अनुसार दोनों नेताओं ने चुनावी रणनीति और जीत के समीकरणों पर भी चर्चा की है।

दूसरी सीट के लिए भाजपा रणनीति बनाने जुटी 
उधर भाजपा ने भी राज्यसभा चुनाव को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने दिल्ली में पार्टी नेतृत्व से मुलाकात कर संभावित उम्मीदवारों और चुनावी रणनीति पर चर्चा की। भाजपा गठबंधन के पास फिलहाल जीत के लिए आवश्यक संख्या से कम विधायक हैं। इसे लेकर पार्टी अतिरिक्त समर्थन जुटाने के विकल्पों पर भी विचार कर रही है। राजनीतिक गलियारों में अब सबसे ज्यादा नजरें महागठबंधन की दूसरी सीट के फैसले पर टिकी हैं। माना जा रहा है कि मंगलवार तक तस्वीर काफी हद तक साफ हो सकती है।


 

Tags - Jharkhand Rajya Sabha ElectionHemant SorenJMM CandidateCongress JharkhandRajya Sabha Election 2026