logo

सुप्रियो ने केंद्र पर साधा निशाना, NEET परीक्षा में सेना के उपयोग और गड़बड़ियों पर उठाए गंभीर सवाल

JMM0022.jpg

रांची 
जेएमएम के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने नीट परीक्षा के आयोजन और उससे जुड़ी कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने परीक्षा सामग्री के परिवहन में एयरफोर्स की सहायता लिए जाने पर सवाल उठाते हुए इसे प्रशासनिक विफलता करार दिया। भट्टाचार्य ने कहा कि सेना का उपयोग देश की सुरक्षा, सीमाओं की रक्षा या प्राकृतिक आपदाओं जैसी गंभीर परिस्थितियों के लिए होना चाहिए, न कि केवल प्रश्नपत्र ढोने जैसे कार्यों के लिए। उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय वायु सेना ने अपना कर्तव्य निभाया है, लेकिन सरकार ने अपने तंत्र की कमजोरी को छिपाने के लिए उसकी प्रतिष्ठा को दांव पर लगा दिया।

शिक्षा मंत्रालय पर भी गंभीर सवाल
उन्होंने आरोप लगाया कि यदि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (National Testing Agency) एक पारदर्शी परीक्षा आयोजित करने में सक्षम नहीं है, तो यह पूरी सरकार की विफलता है। उन्होंने शिक्षा मंत्रालय पर भी गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि इस तरह की स्थिति शिक्षा व्यवस्था की गंभीर खामियों को उजागर करती है। जेएमएम नेता ने दावा किया कि मई से जुलाई के बीच नीट परीक्षा से जुड़े तनाव के कारण 17 छात्रों ने आत्महत्या की है, जो लगभग 22 लाख छात्रों के भविष्य के साथ हो रहे अन्याय को दर्शाता है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि इतने बड़े कथित घोटाले के बावजूद पद पर बने रहना नैतिक रूप से गलत है। उन्होंने पूरे मामले को एक गंभीर साजिश करार देते हुए कहा कि देश की परीक्षा व्यवस्था को कमजोर किया जा रहा है और छात्रों की आस्था पर लगातार चोट पहुंच रही है।

Tags - NEET Exam Government Army Education