रांची:
झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने राज्यसभा चुनाव में उम्मीदवारी को लेकर जारी खींचतान के बीच बड़ा बयान दिया है। सुप्रियो भट्टाचार्य ने महागठबंधन में सहयोगी कांग्रेस को लेकर कहा कि हमने उनके साथ एकतरफा प्यार निभाया है। राज्यसभा की दोनों सीटों पर हमारा अधिकार है। सुप्रियो भट्टाचार्य ने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी ने अपना उम्मीदवार घोषित करके हमें ठेस पहुंचाया है। दरअसल, कांग्रेस पार्टी ने गुरुवार को झारखंड की एक राज्यसभा सीट पर प्रणव झा को उम्मीदवार बना दिया है।
सीएम हेमंत के नेतृत्व में लड़ेंगे चुनाव
सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि झारखंड में लोकसभा और विधानसभा का चुनाव मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में लड़ा गया है तो राज्यसभा चुनाव भी उन्हीं के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। पार्टी महासचिव ने कहा कि चूंकि विपरित परिस्थितियों में हमने चुनाव जीता था, इसलिए हमारा यह हक बनता है कि हम राज्यसभा की दोनों सीटों पर प्रत्याशी उतारें। उन्होंने कहा कि जब आरजेडी का केवल 1 ही विधायक था, तब भी हमने उन्हें मंत्रिपद दिया, वहीं विधायकों की कम संख्या होने पर भी 4 मंत्रिपद दिया था। सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि यह तो कार्यकर्ताओं की भावना है कि पार्टी के ही 2 नेताओं को राज्यसभा जाना चाहिए।
सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि हमने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से यह अनुरोध किया है कि सभी जरूरी पहलुओं की समीक्षा करते हुए 8 जून से फैसला लें, ताकि झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं को सम्मान मिले।

कांग्रेस ने प्रत्याशी देकर ठेस पहुंचाया
झामुमो ने कहा कि कांग्रेस ने अपना उम्मीदवार घोषित किया है, लेकिन उनके पास पर्याप्त संख्याबल नहीं है। उनका आवेदन या निवेदन हो सकता था, लेकिन कांग्रेस पार्टी ने जिस प्रकार से उम्मीदवार घोषित किया है, उससे हमें ठेस पहुंची है। सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा, दोनों ही राज्यसभा जाने का सपना देख रही है, लेकिन जाएगा वही जिनके पास संख्याबल है। उन्होंने कहा कि हमने लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी को लोकसभा की कितनी सीटें दी थी, इसका भी ध्यान रखना चाहिए।