गिरिडीह
केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए MMDR संशोधन बिल के विरोध और छात्र आंदोलन के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन करने के विरोध में शुक्रवार को गिरिडीह में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने प्रदर्शन किया। झामुमो के सैकड़ो कार्यकर्ताओं ने बस स्टैंड रोड के समीप कार्यालय से पैदल मार्च निकाला। यह प्रतिवाद मार्च बस स्टैंड होते हुए टावर चौक पहुंचा, जहां जिला अध्यक्ष संजय सिंह के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैठकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान झामुमो कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए MMDR संशोधन बिल को वापस लेने की मांग की। वहीं झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि MMDR संशोधन बिल एक काला कानून है, और झामुमो इसका पुरजोर विरोध करती है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लाए गए इस कानून के खिलाफ पार्टी लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से अपना विरोध जारी रखेगी।

संवैधानिक तरीके से इसका विरोध
इस दौरान संजय सिंह ने आरोप लगाया कि बीजेपी के इशारे पर तथाकथित कुछ लोग छात्र आंदोलन के नाम पर मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर रहे हैं । इसके अलावा सोशल मीडिया में भी नेरेटिव फैलाया जा रहा है। पार्टी अपने नेताओं के सम्मान के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं करेंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि झामुमो के नेताओं को अपमानित करने का प्रयास किया गया तो पार्टी इसे बर्दाश्त नहीं करेगी और संवैधानिक तरीके से इसका विरोध करेगी। विरोध प्रदर्शन में जिला महासचिव महालाल सोरेन, शाहनवाज अंसारी, कृष्ण मुरारी शर्मा, उप महापौर सुमित कुमार, रॉकी सिंह, अजीत कुमार पप्पू, मुकेश केसरी, दिलीप राजा, भरत यादव, बबली मरांडी, प्रमिला कुमारी, प्रीति भास्कर समेत झामुमो के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस प्रदर्शन के जरिए झामुमो ने केंद्र सरकार को साफ संदेश दिया कि MMDR संशोधन बिल के खिलाफ पार्टी का विरोध आगे भी जारी रहेगा।
.jpeg)