logo

झामुमो 28 सितंबर को सभी जिला मुख्यालयों पर करेगा ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन, बर्खास्तगी की मांग

झामुमो 28 सितंबर को सभी जिला मुख्यालयों पर करेगा ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन, बर्खास्तगी की मांग

रांची
झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने आज घोषणा की है कि पार्टी की सभी जिला समितियां 28 सितंबर 2026, सोमवार को राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन करेंगी। साथ ही राष्ट्रपति से ज्ञानेश कुमार को तुरंत बर्खास्त करने की मांग भी करेंगी। इस पुतला दहन कार्यक्रम में केंद्रीय समिति के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य, पार्टी के सभी सांसद एवं विधायक, सभी स्तर के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा सभी वर्ग संगठनों की भागीदारी रहेगी। पांडेय ने कहा कि वर्तमान में चुनाव आयोग की आंतरिक कार्यप्रणाली को लेकर बेहद गंभीर और चिंताजनक तथ्य सामने आए हैं। मीडिया रिपोर्टों और आधिकारिक दस्तावेजों के अनुसार, वर्तमान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार द्वारा हाल ही में लिए गए कई एकतरफा फैसलों पर आयोग के ही अन्य दो चुनाव आयुक्तों (सुखबीर सिंह संधू एवं विवेक जोशी) ने पिछले 10 महीनों में कम से कम 14 बार लिखित और औपचारिक आपत्तियां दर्ज कराई हैं।

नियमों में एकतरफा बदलाव करना पूरी तरह से असंवैधानिक
अन्य दोनों चुनाव आयुक्तों की चिंताओं को दरकिनार कर, बिना उनकी सहमति और जानकारी के वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision) में करोड़ों पात्र मतदाताओं के नाम हटाना और नियमों में एकतरफा बदलाव करना पूरी तरह से असंवैधानिक, अनधिकृत और अवैध कृत्य है। यह स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव की लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सीधा कुठाराघात है। इस लोकतंत्र विरोधी और पक्षपातपूर्ण रवैये के खिलाफ झारखंड मुक्ति मोर्चा द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त की बर्खास्तगी की मांग को लेकर पूरे राज्य के जिला मुख्यालयों पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन करने का निर्णय लिया गया है।

Tags - JMM Gyanesh Kumar Election Commission SIR Jharkhand