नंदलाल तुरी
पाकुड़ जिले के धनुषपूजा स्थित झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष अजीजुल ईस्लाम की अध्यक्षता में जिला समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए विधायक हेमलाल मुर्मू ने कहा कि प्रखंड स्तरीय बीस सूत्री समिति के गठन को लेकर यह बैठक आयोजित की गई है। उन्होंने निर्देश दिया कि समिति में पार्टी के प्रति निष्ठावान और सक्रिय कार्यकर्ताओं को ही शामिल किया जाए। साथ ही आगामी एसआईआर को लेकर बूथ लेवल एजेंटों को जागरूक करने के लिए सभी प्रखंड पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाध्यक्ष अजीजुल ईस्लाम ने बताया कि केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार सभी प्रखंडों से बीस सूत्री समिति के लिए समर्पित कार्यकर्ताओं की सूची दो दिनों के भीतर जिला समिति को सौंपनी है। उन्होंने हेमंत सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए शेष सदस्यता रसीद एवं फॉर्म शीघ्र जमा करने का भी निर्देश दिया।
जिला उपाध्यक्ष हाजी समद अली ने पुराने और समर्पित कार्यकर्ताओं को बीस सूत्री समिति में स्थान देने पर बल दिया। वहीं जिला उपाध्यक्ष हरिवंश चौबे, केंद्रीय समिति सदस्य श्याम यादव एवं पिंकी उपासना मरांडी ने समिति गठन में सांसदों और विधायकों के मार्गदर्शन का पालन करने की बात कही। बैठक में सर्वसम्मति से प्रखंड बीस सूत्री समिति के गठन के लिए जिला समिति के पदाधिकारियों को अधिकृत किया गया। इस अवसर पर पार्टी के जिला, प्रखंड एवं मोर्चा स्तर के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
