logo

झारखंड में भाजपा को शगुन की 11 सीटों पर लाकर ही छोड़ेंगे बाबूलाल मरांडी- विनोद पांडेय

a1431.jpg

द फॉलोअप डेस्क:

झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय महासचिव  विनोद कुमार पांडेय ने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी पर तीखा व्यंग्य करते हुए कहा है कि वे हर रोज़ अपना बचा हुआ सम्मान और मर्यादा दोनों खोते जा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद अपने जी तोड़ मेहनत कर “मिशन-11” को सार्थक करने के लिए अजीबो-गरीब हरकत करने में जुटे हैं। विनोद पांडेय ने कहा कि हाल ही में एक पुलिस अधिकारी द्वारा अमर्यादित भाषा के प्रयोग पर राज्य सरकार ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे पदमुक्त कर दिया। यह प्रशासन की जवाबदेही और संवेदनशीलता को दर्शाता है, लेकिन आश्चर्य की बात है कि इस पर भी बाबूलाल मरांडी को दिक्कत है। 

प्रत्येक मुद्दे पर विरोध की राजनीति का आरोप
विनोद पांडेय ने कहा कि बाबूलाल मरांडी की गतिविधियों से साफ है कि वे हर मुद्दे पर सिर्फ विरोध करने की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि अब तो दिल्ली के भाजपा नेतृत्व भी उनसे दूरी बनाने लगे हैं। चर्चा में बने रहने के लिए बाबूलाल मरांडी रोज गवर्नर हाउस का चक्कर लगा रहे हैं, बेकार के मुद्दे उठाते हैं, चाय पीते हैं और 2003 के अपने प्रिय डोमिसाइल वाले किस्से सुनाकर वहां भी लोगों को परेशान करते हैं।

बाबूलाल मरांडी से आम कार्यकर्ता परेशान!
झामुमो महासचिव ने कहा कि भाजपा के आम कार्यकर्ता भी अब उनसे परेशान हो चुके हैं। कार्यकर्ताओं के बीच यह चर्चा आम है कि वे कब पार्टी का पीछा छोड़ेंगे। यहां तक कि कार्यकर्ता मज़ाक में कहते हैं कि उनके हटने पर “100-100 नारियल फोड़े जाएंगे”, लेकिन बाबूलाल मरांडी हैं कि मानने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि 2019 के विधान सभा चुनाव में झारखंड में भाजपा को 24 सीटें मिली थीं, लेकिन केंद्रीय नेतृत्व द्वारा बाबूलाल मरांडी को चेहरा बनाकर थोपने के बाद 2024 में यह घटकर 21 रह गईं। पिछले 5 वर्षों में वे एक भी उपचुनाव नहीं जिता पाए हैं, लेकिन उनकी महत्वाकांक्षा सीधे प्रधानमंत्री बनने की है।

बाबूलाल मरांडी बीजेपी को 11 सीटों पर लाएंगे
विनोद पांडेय ने तंज कसते हुए कहा कि बाबूलाल मरांडी ने अब 2029 के लिए ठान लिया है कि वे भाजपा को “शगुन के 11 सीट” तक लाकर ही मानेंगे। अगर यही सिलसिला चलता रहा तो अगली बार 5 सीटें भी मुश्किल हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि बाबूलाल मरांडी को रोज़ गवर्नर हाउस में चाय पीने, पुराने डोमिसाइल के किस्से दोहराने और छोटे अधिकारियों को “मैं एक्सपोज़ कर दूंगा” जैसी धमकियां देने से फुर्सत नहीं है, ऐसे में वे पार्टी और जनता के असली मुद्दों पर क्या ध्यान देंगे। 
उन्होंने कहा कि बाबूलाल मरांडी को सबसे पहले अपना एजेंडा एक्सपोज़ करना चाहिए और जनता को बताना चाहिए कि वे आखिर चाहते क्या हैं। 
 

Tags - Babulal MarandiBabulal Marandi News UpdateVinod PandeyJMMJharkhand BJPJharkhand NewsJharkhand Political News