द फॉलोअप डेस्क
गढ़वा जिले के कोरवाड़ीह पंचायत के मुखिया और जेएमएम के जिला सचिव शरीफ अंसारी पर जानलेवा हमला हुआ। जानकारी के अनुसार, अंसारी जुम्मा की नमाज पढ़कर इफ्तार के लिए सामान लेने जा रहे थे, तभी पहले से घात लगाए कुछ लोगों ने उनके मोटरसाइकिल को धक्का देते हुए उन पर पत्थरों से हमला किया।
इस हमले में मुखिया का हाथ और एक उंगली टूट गई, जबकि उनके शरीर में भी गंभीर चोटें आई हैं। अंसारी ने बताया कि हमला गांव के ही करामत अंसारी द्वारा किया गया, जिसने उनके भाई और भतीजे पर भी हमला किया। दोनों घायल हैं और उनका इलाज जारी है। शरीफ अंसारी ने बताया कि इससे पहले भी उनके ऊपर हमला हो चुका है और उन्होंने सदर थाना में इसकी सूचना दे दी थी। उन्होंने पुलिस से न्याय की मांग की है। घटना की सूचना मिलने के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला अध्यक्ष शंभू राम ने कहा कि यह घटना निंदनीय है और पुलिस प्रशासन को जल्द से जल्द जांच कर उचित कार्रवाई करनी चाहिए। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।
.jpeg)