द फॉलोअप डेस्क, रांची
JPSC JSSC नियुक्ति घोटाले में CBI जांच की मांग को लेकर बीजेपी के प्रदर्शन पर झारखंड मुक्ति मोर्चा की वरिष्ठ नेत्री चमेली देवी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी छात्रों की आड़ में अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन तलाशने की कोशिश कर रही है और इस क्रम में राजनीतिक शुचिता तथा सकारात्मक राजनीति को तिलांजलि दे रही है।
चमेली देवी ने कहा कि छात्र आंदोलन के दौरान राज्य सरकार ने सकारात्मक रुख अपनाया था। छात्रों के प्रतिनिधियों और राज्य सरकार के बीच बातचीत कर समन्वय बनाया गया तथा पूरे मामले के समाधान के लिए सहमति से निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांग पर TDPL द्वारा आयोजित परीक्षाओं को रद्द कर दिया गया, जिसके बाद छात्र आंदोलन का नेतृत्व कर रहे लोगों ने आंदोलन वापस ले लिया।

राजनीतिक मुद्दा बनाने का प्रयास कर रही भाजपा
उन्होंने आरोप लगाया कि अब बीजेपी पूरे मामले को राजनीतिक मुद्दा बनाने का प्रयास कर रही है। चमेली देवी ने कहा कि बीजेपी के प्रदर्शन में न तो छात्र जुड़े हैं और न ही पार्टी की मंशा वास्तव में छात्रों के साथ खड़े होने की है। उनके अनुसार, बीजेपी केवल राजनीतिक लाभ के लिए छात्रों को गुमराह कर रही है। जामताड़ा में बीजेपी के कार्यक्रम को लेकर उन्होंने वरिष्ठ बीजेपी नेता डॉ. रविंद्र राय पर भी टिप्पणी की। चमेली देवी ने कहा कि उनसे उम्मीद थी कि वे इस संवेदनशील मामले में अपनी पार्टी को उचित सलाह देंगे।

बीजेपी को सहयोगात्मक विपक्ष की भूमिका निभानी चाहिए
उन्होंने कहा कि राज्य इस समय संकट के दौर से गुजर रहा है। छात्रों और सरकार के बीच मुख्य समन्वयक के रूप में काम कर रहे वरिष्ठ मंत्री सुदिव्य सोनू के असमय निधन से सरकार और राज्य के सामने चुनौतीपूर्ण स्थिति उत्पन्न हुई है। चमेली देवी ने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में बीजेपी को एक सहयोगात्मक विपक्ष की भूमिका निभानी चाहिए थी, लेकिन पार्टी के कुछ नेता राजनीतिक परंपराओं को दरकिनार कर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रहे हैं।