logo

जगन्नाथ महतो की सीट खाली होने के बाद मंत्री पद को लेकर असमंजस की स्थिति में जेएमएम, जानें किसके सिर सजेगा ताज

1667.jpg

द फॉलोअप डेस्क
राज्य के पूर्व शिक्षा मंत्री और डुमरी से विधायक रहे जगन्नाथ महतो के निधन के बाद अब सबकी निगाहें राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर टिकी है। दरअसल जगन्नाथ महतो का परिवार चाहता है कि मधुपुर के चुनाव की तरह ही डुमरी में उपचुनाव के पहले घर के किसी सदस्य को मंत्री बनाया जाए, ताकि जीत की राह और आसान हो जाए। स्व. जगन्नाथ महतो की पत्नी और उनके परिवार वाले चाहते हैं कि जगन्नाथ महतो का उत्तराधिकारी उनका इकलौता पुत्र अखिलेश महतो उर्फ राजू ही बने।

सीएम से की मुलाकात, नहीं मिला ठोस आश्वासन
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री आवास में जगन्नाथ महतो की पत्नी, बेटा राजू और भतीजा दिवाकर के साथ-साथ पुत्री और उनका दामाद जेएमएम के कार्यकारी अध्यक्ष और राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। सीएम से सभी ने मिलकर परिवार की इच्छा बताई। सूत्रों की मानें तो सीएम हेमंत सोरेन ने उन्हें कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया। सिर्फ इतना कहा की पार्टी में बैठकर निर्णय लिया जाएगा।

मधुपुर पार्ट-2 क्यों नहीं दोहराया जा रहा
जैसे-जैसे मंत्री पद का शपथ ग्रहण समारोह लेट हो रहा है वैसे-वैसे पार्टी के अंदर सवाल उठने लगा है। कहा जा रहा है कि क्या पार्टी के अंदर सिर्फ अल्पसंख्यकों का बोलबाला है। महतो की इतनी बड़ी आबादी होने के बावजूद राज्य में मधुपुर पार्ट-
2 क्यों नहीं दोहराया जा रहा। हालांकि, यह बात भी सामने आ रही है की जगन्नाथ महतो के बेटे राजू महतो की उम्र मधुपुर पार्ट-2 में बाधा बन रही है। उम्र को लेकर परिवार की ओर से भी स्थिति स्पष्ट नहीं की जा रही है। न बर्थ सर्टिफिकेट जारी किया जा रहा है और न ही जन्मतिथि की अधिकारिक घोषणा हो रही है। उम्र को लेकर बस यह कहा जा रहा है कि विधायक और मंत्री बनने की उम्र राजू की हो चुकी है।

मथुरा महतो को लेकर भी एक खेमा है सक्रिय
सूत्रों की मानें तो मंत्रिमंडल में महतो कोटा के तहत खाली सीट को लेकर मथुरा महतो ने भी लॉबी तेज कर दी है। जगन्नाथ महतो की जगह मथुरा महतो को मंत्री पद का दायित्व मिले इस बात को लेकर एक खेमा पार्टी के अंदर प्रयास में जुटा है। जबकि, दूसरा खेमा पार्टी को यह एहसास दिलाने की कोशिश कर रहा है कि अगर हाजी हुसैन अंसारी की जगह हफीजुल हसन अंसारी को मंत्री बनाया जा सकता है तो फिर जगरनाथ महतो की जगह उनके परिवार के किसी सदस्य को पहले क्यों नहीं मंत्री बनाया जा सकता।

राष्ट्रपति के दौरे के बाद तस्वीर हो सकती है साफ
जगन्नाथ महतो की पत्नी बेबी देवी को उनका उत्तराधिकारी बनाया जा सकता है। कहा जा रहा है कि पार्टी उनके बेटे को मंत्रिमंडल में शामिल कर वरीय नेताओं की नाराजगी मोल नहीं लेना चाहता। हालांकि, बेबी देवी ताज अपने बेटे के सिर पर देखना चाहती हैं। वैसे कहा जा रहा है कि राष्ट्रपति के दौरे के बाद तस्वीर पूरी तरह से साफ हो जाएगी। मंत्रिमंडल का विस्तार होगा। हालांकि, वरिष्ठ नेता स्व. जगन्नाथ महतो की सीट को लेकर एक बैठक किए जाने की बात सामने आ रही है। जिसकी अध्यक्षता गुरुजी कर सकते हैं। गुरु शिबू सोरेन का निर्णय आखिरी निर्णय माना जाएगा।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करेंhttps://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT