गढ़वा
झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री एवं झामुमो के केंद्रीय महासचिव मिथिलेश कुमार ठाकुर ने बुधवार को लगभग 1000 कांवरियों को बोल बम यात्रा के लिए रवाना किया। ये सभी कांवरिए झारखंड की खुशहाली और दिशोम गुरु शिबू सोरेन के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना के साथ यात्रा पर निकले।
सुबह कांवरियों का जुटान ठाकुर के आवास पर हुआ, जहां उन्हें भोजन कराया गया। इसके बाद सभी कांवरिए चिनियां मोड़ स्थित काली मंदिर परिसर पहुंचे और पूजा-अर्चना के उपरांत पूर्व मंत्री के साथ पैदल मार्च करते हुए रंका मोड़ संकट मोचन मंदिर, गढ़देवी मंदिर होते हुए बस स्टैंड पहुंचे। यहां सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें कांवरिए भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए।

मौके पर ठाकुर ने कहा, “झामुमो हर वर्ष सभी जाति-धर्म के लोगों को बोल बम यात्रा में सहयोग देता है। हमारा संगठन समाज को जोड़ने का कार्य करता है, जबकि कुछ लोग जाति और धर्म के नाम पर समाज को तोड़ने की कोशिश करते हैं।” उन्होंने कांवरियों से अपील की कि वे भगवान भोलेनाथ से न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे राज्य और देश की खुशहाली के लिए प्रार्थना करें।
यात्रा के दौरान सभी कांवरियों के लिए नाश्ता, भोजन, ठहराव और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की पूरी व्यवस्था की गई है। ठाकुर ने यह भी आग्रह किया कि सभी कांवरिए संगठित रूप में यात्रा करें और सुरक्षित लौटें।

कार्यक्रम में झामुमो जिलाध्यक्ष शंभु राम, सचिव शरीफ अंसारी, चंदन जायसवाल, रेखा चौबे, अनिता दत्त, तनवीर आलम, मनोज ठाकुर, मनीष कमलापुरी, धनंजय तिवारी, जवाहर पासवान, फरीद खान, अरविंद यादव, नवीन तिवारी, प्रियम सिंह, सलीम जाफर, चंदा देवी, ज्योति प्रकाश केशरी, बाबा कमलेश, आशीष अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित थे।
